पीवी सिंधू दूसरी बार बनीं मलेशिया मास्टर्स चैंपियन
पिनांग। विश्व की 12वें नंबर की महिला खिलाड़ी भारत की पीवी सिंधू ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए रविवार को स्कॉटलैंड की क्रिस्टी गिलमूर को लगातार गेमों में 21-15, 21-9 से हराकर मलेशिया मास्टर्स ग्रां प्री गोल्ड का खिताब जीत लिया।
तीसरी वरीयता प्राप्त सिंधू ने मैच में शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखकर 32 मिनट तक चले मुकाबले में जीत हासिल की और अपना 5वां ग्रां प्री गोल्ड खिताब जीता। सिंधू का मलेशिया मास्टर्स ग्रां प्री गोल्ड में यह दूसरा खिताब है।
सिंधू का विश्व रैंकिंग में 20वें नंबर की खिलाडी गिलमूर के खिलाफ यह दूसरा करियर मुकाबला था। भारतीय खिलाड़ी इससे पहले गिलमूर के खिलाफ 2013 के फ्रेंच ओपन में खेलीं थीं जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन रविवार को सिंधू ने गिलमूर को मैच में कोई मौका नहीं दिया।
सिंधू ने शुरुआत से ही बढ़त बनाने का सिलसिला शुरू किया। वे जल्द ही 2-0, 5-2, 8-4 और 12-6 से आगे हो गईं। सिंधू के बेहतरीन शॉट्स, सर्विस और कोर्ट पर ऑलराउंड खेल का गिलमूर के पास कोई जवाब नहीं था। सिंधू ने अपनी बढ़त को 18-10 पहुंचा दिया।
गिलमूर ने वापसी की कोशिश करते हुए लगातार 4 अंक लिए और स्कोर 14-18 कर दिया लेकिन सिंधू ने यह गेम 21-15 पर समाप्त कर दिया। दूसरे गेम में गिलमूर सिर्फ 5 अंकों तक भारतीय खिलाड़ी को चुनौती दे पाईं लेकिन इसके बाद सिंधू का जादू सिर चढ़कर बोला।
सिंधू ने 4-1 की बढ़त बनाई लेकिन गिलमूर ने स्कोर धीरे-धीरे 5-5 से बराबर कर दिया। सिंधू ने फिर लगातार 4 अंक लेकर 9-5 की बढ़त बनाई और उसके बाद लगातार 7 अंक लेकर 16-6 की मजबूत बढ़त बना ली। गिलमूर का संघर्ष आखिर दम तोड़ गया और सिंधू ने यह गेम 21-9 से जीतकर खिताब अपनी झोली में डाल लिया।
भारतीय खिलाड़ी ने इस तरह नए साल की शुरुआत खिताबी जीत के साथ की। वे अब 26 से 31 जनवरी तक भारत के लखनऊ शहर में खेली जाने वाली 1 लाख 20 हजार डॉलर की सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में उतरेंगी, जहां उन्हें तीसरी वरीयता मिली है।
सिंधू ने मलेशिया मास्टर्स में इससे पहले 2013 में भी जीत दर्ज की थी। उन्होंने पिछले साल नवंबर में मकाऊ ओपन ग्रां प्री गोल्ड में खिताबी हैट्रिक पूरी की थी। इस टूर्नामेंट से पहले प्रीमियर बैडमिंटन लीग (पीबीएल) में सिंधू का अजेय अभियान रहा था। (वार्ता)