मेलबर्न। गत चैंपियन और विश्व के नंबर एक सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने विश्व के तीसरे नंबर के खिलाड़ी स्विटजरलैंड के रोजर फेडरर की उम्मीदें तोड़ते हुए गुरुवार को चार सेटों में जीत हासिल कर ऑस्ट्रेलियन ओपन में खिताबी मुकाबले में प्रवेश कर लिया।
पांच बार के चैंपियन जोकोविच और चार बार विजेता रह चुके फेडरर के बीच महामुकाबले की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन 17 बार के ग्रैंड स्लेम चैंपियन सिर्फ तीसरे सेट में ही कुछ संघर्ष कर सके। जोकोविच ने यह मुकाबला दो घंटे 19 मिनट में 6-1, 6-2, 3-6, 6-3 से जीतकर छठी बार फाइनल में जगह बना ली और अब वह अपना खिताब बचाने से एक कदम दूर रह गए हैं।
दोनों खिलाड़ी करियर में 45वीं बार एक-दूसरे के आमने-सामने थे और अब जोकोविच ने 23-22 की बढ़त बना ली है। जोकोविच स्विस मास्टर के खिलाफ अपने आखिरी चार ग्रैंड स्लेम मुकाबले जीत चुके हैं।
28 वर्षीय जोकोविच अपना 29वें ग्रैंड स्लेम सेमीफाइनल खेल रहे थे। उन्होंने मुकाबले में तूफानी शुरुआत करते हुए पहले दो सेट मात्र 54 मिनट में 6-1, 6-2 से जीत लिए। फेडरर ने तीसरे सेट में जोर लगाया और 6-3 से जीत हासिल की लेकिन विश्व के नंबर एक खिलाड़ी ने फेडरर को चौथे सेट में कोई मौका नहीं दिया और इसे 6-3 से जीतकर फाइनल में जगह बना ली।
जोकोविच ने मैच में नौ ब्रेक अंकों में से पांच बार फेडरर की सर्विस तोड़ी, जबकि फेडरर चार ब्रेक अंकों में से एक बार ही जोकोविच की सर्विस तोड़ पाए। जोकोविच ने 33 विनर्स लगाए और 20 बेजा भूलें कीं, लेकिन फेडरर ने 34 विनर्स तो लगाए, मगर 51 बेजां भूलें उन्हें अंतत: भारी पड़ गईं। पहली और दूसरी सर्विस के मामले में भी फेडरर स्विस मास्टर से कहीं बेहतर साबित हुए और लगातार पांचवें ग्रैंड स्लेम फाइनल में पहुंच गए।
फेडरर ने रॉड लेवर एरेना में तीसरे सेट में दर्शकों के समर्थन से अंतिम जोर लगाते हुए 6-3 से जीत हासिल की, लेकिन जोकोविच ने चौथे सेट के आठवें गेम में फेडरर की सर्विस तोड़ी और मैच दो घंटे 19 मिनट में समाप्त कर दिया।
पांच बार यहां चैंपियन रह चुके जोकोविच का रिकॉर्ड छठे खिताब के लिए दूसरी सीड ब्रिटेन के एंडी मरे और 13वीं सीड कनाडा के मिलोस राओनिक के बीच शुक्रवार को होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से मुकाबला होगा।
जोकोविच 2008, 2011, 2012, 2013 और 2015 में मेलबर्न में चैंपियन रह चुके हैं। यदि वे इस बार खिताब जीतते हैं तो वह ऑस्ट्रेलिया के रॉड लेवर के छह बार यह खिताब जीतने के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे।
जोकोविच ने पिछले साल अपने जबर्दस्त प्रदर्शन में चार में से तीन ग्रैंड स्लेम जीते थे और वे फ्रेंच ओपन के फाइनल में स्विटजरलैंड के स्टेनिसलास वावरिंका से हारे थे।
दूसरी तरफ फेडरर का 18वां ग्रैंड स्लेम खिताब जीतने का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने अपना 17वां और अंतिम ग्रैंड स्लेम 2012 में विंबलडन के रूप में जीता था लेकिन उसके बाद से वे लगातार ग्रैंड स्लेम खिताब से वंचित चल रहे हैं। (वार्ता)