1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Novak Djokovic
Written By
Last Modified: मेलबर्न , रविवार, 17 जनवरी 2016 (16:49 IST)

जीत का सिलसिला बरकरार रखने उतरेंगे जोकोविच

Novak Djokovic
मेलबर्न। नोवाक जोकोविच सोमवार से यहां शुरू हो रहे ऑस्ट्रेलियाई ओपन में पिछले साल का अपना शानदार प्रदर्शन बरकरार रखते हुए कैलेंडर वर्ष ग्रैंडस्लैम पूरा करना चाहेंगे।
सभी की नजरें सर्बिया के नंबर एक खिलाड़ी पर होंगी, जो पिछले सत्र में कैलेंडर वर्ष ग्रैंडस्लैम पूरा करने से चूक गए थे। उन्होंने इस साल एक भी सेट नहीं गंवाया है और कतर ओपन फाइनल में बेहतरीन प्रदर्शन करके यहां आए हैं।
 
जोकोविच अगर चारों ग्रैंडस्लैम और रियो ओलंपिक में खिताब जीत लेते हैं, तो उनके पास ‘गोल्डन स्लैम’ पूरा करने वाले पहले खिलाड़ी बनने का भी मौका है। पहले दौर में उनका सामना दक्षिण कोरिया के चुंग हियोन से होगा।
 
उन्होंने कहा कि यह सत्र की शुरुआत भर है और अभी आगे के बारे में कयास लगाना जल्दबाजी होगी। मेरा फोकस सिर्फ ऑस्ट्रेलियाई ओपन पर है। मैं पिछले साल से बेहतर कर सकूंगा या नहीं, अभी नहीं कह सकता। अभी शुरुआत ही है। 
 
5 बार ऑस्ट्रेलियाई ओपन खिताब जीत चुके जोकोविच पिछले 5 साल में यहां सिर्फ एक बार 2014 क्वार्टर फाइनल में स्टान वावरिंका से हारे हैं। वे 2009 ऑस्ट्रेलियाई ओपन क्वार्टर फाइनल में एंडी राडिक के खिलाफ मैच में गर्मी के कारण रिटायर हो गए थे लेकिन उसके बाद से लगातार उम्दा प्रदर्शन किया है। (भाषा)