शुक्रवार, 20 मार्च 2026
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Leonal Messi, Rio olympic, Brazil
Written By
Last Updated :ब्यूनस आयर्स , मंगलवार, 2 फ़रवरी 2016 (15:22 IST)

रियो ओलंपिक में नहीं खेलेंगे लियोनेल मेस्सी

Rio Olympics
ब्यूनस आयर्स। अर्जेंटीनी फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी रियो डि जेनेरियो ओलंपिक में शिरकत नहीं करेंगे क्योंकि उनके कोच गेर्राडो मार्टिनो ने कहा कि इस स्टार खिलाड़ी को थकान से बचने के लिए आराम की जरूरत है।
 
मार्टिनो ने अर्जेंटीना रेडियो स्टेशन ‘ला रेड’ से बात करते हुए कहा कि मेस्सी अमेरिका में होने वाले सेंटेनियल कोपा अमेरिका टूर्नामेंट में खेलेंगे लेकिन ब्राजील में होने वाले ओलंपिक में भाग नहीं लेंगे।
 
कोच ने कहा कि बार्सिलोना के इस स्टार फुटबॉलर के लिए दोनों प्रतियोगिताओं और विश्व कप क्वालीफायर्स में खेलना बहुत थकाऊ हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मेस्सी ओलंपिक खेलों के लिए नहीं जाएंगे। सेंटेनियल कोपा अमेरिका टूर्नामेंट तीन जून से शुरू होगा जबकि ओलंपिक खेल दो महीने बाद पांच अगस्त से आयोजित किए जाएंगे।
 
मार्टिनो ने कहा, 'सितंबर, अक्ट़बर और नवंबर में हमें कोपा अमेरिका, ओलंपिक खेल और विश्व कप क्वालीफायर खेलने हैं। उन्होंने बार्सिलोना के व्यस्त कार्यक्रम का भी जिक्र किया जिससे यह अर्जेंटीनी फुटबॉलर काफी थक जाएगा।'
 
मेस्सी अभी 28 वर्ष के हैं और उन्हें 23 से अधिक उम्र के तीन खिलाड़ियों में से एक के तौर पर ओलंपिक टीम में चुना जा सकता था। उनकी अगुवाई में अर्जेंटीना ने बीजिंग ओलंपिक 2008 में स्वर्ण पदक जीता था। (भाषा)