ओलंपिक पदक विजेता सुशील कुमार वितरित करेंगे इस्पोरा अवॉर्ड
इन्दौर। लगातार दो बार के ओलंपिक पदक विजेता व भारत के सितारा पहलवान सुशील कुमार 17 दिसंबर को इन्दौर टेनिस क्लब में शहर की उभरती हुई खेल प्रतिभाओं को इस्पोरा अवॉर्ड से नवाजेंगे।
इन्दौर स्पोर्ट्स राइटर्स एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस अवॉर्ड समारोह का यह दूसरा वर्ष है और इसे भव्य रूप प्रदान किया जा रहा है। इस्पोरा अध्यक्ष ओम सोनी व सचिव विकास पांडे ने बताया कि अवॉर्ड हेतु चयन समिति की बैठक हो गई है और जल्द ही चयनित खिलाडिय़ों के नाम घोषित कर दिए जाएंगे।
ये अवॉर्ड 19 वर्ष से कम आयु वर्ग के खिलाडिय़ों को प्रोत्साहन स्वरूप प्रदान किएजाते है जिसमें चयनित खिलाड़ियों को 5-5 हजार रुपए की नकद राशि, सम्मान पत्र, खेल सामग्री व अन्य उपहार प्रदान किए जाएंगे।
इस अवॉर्ड समारोह में सुशील कुमार विशेष आकर्षण का केन्द्र रहेंगे और उनसे अवॉर्ड पाकर नन्हे खिलाड़ी निश्चित रूप से प्रोत्साहित होंगे। शहर के प्रमुख स्थानीय चैनलों में इस समारोह का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।
प्रथम इस्पोरा अवॉर्ड में निशानेबाजी के विश्व चैंपियन जीतू राय व लंदन ओलंपिक रजत पदक विजेता विजय कुमार ने बतौर अतिथि शिरकत की थी।
देवास में करेंगे राष्ट्रीय स्पर्धा का शुभारंभ : 17 दिसंबर को सुशील कुमार देवास में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय शालेय सॉफ्ट टेनिस व खो-खो स्पर्धा का शुभारंभ शाम के सत्र में करेंगे।
सुदेश सांगते ने बताया कि इस दौरान उनका अभिनंदन भी विशेष रूप से किया जाएगा। उनके स्वागत के लिए देवास में भव्य तैयारियां की जा रही हैं। सॉफ्ट टेनिस व खो-खो स्पर्धा में 25 से अधिक प्रदेशों की टीमें अपनी चुनौती पेश कर रही हैं।