1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. India Wins SAFF Cup for 7th time
Written By
Last Updated : सोमवार, 4 जनवरी 2016 (10:18 IST)

भारत ने सातवीं बार सैफ कप जीता

India Wins SAFF Cup for 7th time कप्तान सुनील छेत्री भारत अफगानिस्तान
तिरुवनन्तपुरम। कप्तान सुनील छेत्री के अतिरिक्त समय में किए गए गोल की बदौलत भारत ने रविवार को पिछले चैंपियन अफगानिस्तान को 2-1 से हराकर पिछली बार फाइनल में मिली हार का बदला चुकता करने के साथ ही सातवीं बार दक्षिण एशियाई फुटबाल फेडरेशन ( सैफ ) कप जीता। 
भारत 2013 में काठमांडो में खेले गए टूर्नामेंट में अफगानिस्तान से 0-2 से हार गया था लेकिन कल फाइनल में उसने बेहतर खेल दिखाया और अफगानिस्तान को बैकफुट पर रखने में कोई कसर नहीं छोड़ी। भारत ने पहले एक गोल से पिछड़ने के बाद वापसी की और बाद में अतिरिक्त समय में विजयी गोल दागा। 
 
स्टीफन कान्सटेनटाइन की कोचिंग वाली भारतीय टीम बड़े अंतर से जीत दर्ज कर सकती थी लेकिन दो अवसरों पर उसे गोल से वंचित किया गया। आखिर में हालांकि भारत इन दोनों टीमों के बीच सैफ कप में लगातार तीसरे फाइनल में विजेता रहा। भारत ने इससे पहले 1993, 1997, 1999, 2005, 2009 और 2011 में खिताब जीता था। भारत की तरफ से जेजे लालपुखुलवा ने 72वें मिनट और सुनील छेत्री ने 101वें मिनट में गोल किया। 
 
जुबैर आमिरी ने 69वें मिनट में गोल करके अफगानिस्तान को शुरुआती बढ़त दिलाई थी। विश्व में 166वें नंबर के भारत की अफगानिस्तान (150वें नंबर) पर कल की जीत कान्सटेनटाइन के पिछले साल के शुरू में दूसरी बार कोच पद संभालने के बाद पहली खिताबी जीत है। सैफ कप में दसवीं बार फाइनल में खेल रहे भारत ने इस तरह से क्षेत्रीय टूर्नामेंट में फिर से अपनी बादशाहत कायम की। इससे उसका फीफा रैकिंग में भी आगे बढ़ना तय है।(भाषा)