पहले दिन यूरोप ने 3 अंक की बढ़त बनाई
शाह आलम (मलेशिया)। अनिर्बान लाहिड़ी और एसएसपी चौरसिया अपने-अपने मैच हार गए जबकि यूरोप ने यूराशिया कप गोल्फ के पहले दिन शुक्रवार को 3 अंक की बढ़त बना ली। यूरोपीय टीम के नाम साढ़े 4 अंक हैं जबकि एशिया ने सिर्फ डेढ़ अंक बनाए हैं। एशिया के गैर खिलाड़ी कप्तान जीव मिल्खा सिंह ने हालांकि कहा कि अगले दो दिन उन्हें बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
एशिया को एकमात्र अंक 2014 के कप्तान थोंगचाइ जैदी ने दिलाया, जो कोरिया के बियोंग हुन अन के जोड़ीदार थे। दोनों ने यूरोप के डैनी विलेट और मैथ्यू फिट्जपैट्रिक को मात दी। स्थानीय खिलाड़ियों डैनी चिया और निकोलस फंग ने सोरेन के और विक्टर डुबुइसन के खिलाफ आधा अंक हासिल किया।
भारत के लाहिड़ी ने जियूनघुन वांग के साथ इयान पोल्टर और बर्न्ड वीसबर्गर के खिलाफ एशियाई चुनौती का आगाज किया। दोनों को करारी हार का सामना करना पड़ा। एसएसपी चौरसिया और किराडेक एफीबर्नात की जोड़ी ने कुछ लंबे पुट लगाए लेकिन 9 बार के राउडर कप खिलाड़ी ली वेस्टवुड और क्रिस वुड से हार गए। (भाषा)