1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Cristiano Ronaldo
Written By
Last Modified: रोम , बुधवार, 17 फ़रवरी 2016 (16:43 IST)

पत्रकारों के सवालों पर गुस्से से लाल हुए रोनाल्डो

Cristiano Ronaldo
रोम। रियाल मैड्रिड के पुर्तगाली फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो एक संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों के सवालों से इस कदर नाराज हो गए कि गुस्से से जवाब देने के बाद वे वहां से उठकर ही चले गए।
चैंपियंस लीग अंतिम 16 चरण में रियाल मैड्रिड के रोमा के खिलाफ मुकाबले से पहले यहां संवाददाता सम्मेलन में रोनाल्डो बार्सिलोना के लियोनल मैसी, लुईस सुआरेज और नेमार की तिकड़ी और उनके एक साथ कमाल के प्रदर्शन के सवाल से काफी नाराज हो गए। जब उनसे पूछा गया कि बार्सिलोना के ये तीनों खिलाड़ी आपस में काफी तालमेल के साथ खेलते हैं तो गुस्साए रोनाल्डो ने कहा कि उनके रिश्तों के बारे में मुझे कैसे पता होगा, यह ऐसा ही है। 
 
उन्होंने कहा कि मुझे अपनी टीम साथियों के साथ रिश्ते बनाने के लिए करीम बेनजेमा या गारेथ बेल के साथ डिनर के लिए जाने की जरूरत नहीं है और न ही उनके साथ गले मिलने या उन्हें चूमने की जरूरत है। गले मिलना या साथ में खाना खाना या किसी को चूमना मेरे लिए अहम नहीं हैं। इसके कोई मायने नहीं है। 
 
बार्सिलोना खिलाड़ियों की तारीफ से पहले ही भड़के रोनाल्डो के लिए उस सवाल ने आग में घी का काम कर दिया, जब उनसे किसी ने यह पूछ लिया कि वे रियाल मैड्रिड के विदेशी जमीन पर खेले जाने वाले मैचों में गोल स्कोर करने में क्यों असमर्थ हैं और रोम में रियाल मैड्रिड के अंतिम 16 के पहले चरण के मुकाबलों में भी गोल नहीं कर सके थे।
 
इस पर पुर्तगाल के खिलाड़ी ने खुद ही पत्रकारों पर सवाल दागते हुए कहा कि आप मुझे बताएं जब से मैं स्पेन आया हूं मुझसे अधिक गोल किस खिलाड़ी ने किए हैं। मुझे आप एक खिलाड़ी का नाम बता दें। 
 
31 वर्षीय रोनाल्डो ने गुस्से से कहा कि 'क्यों आपके पास कोई जवाब नहीं है, धन्यवाद' और इसी के साथ फुटबॉलर संवाददाता सम्मेलन छोड़कर वहां से चले गए। गौरतलब है कि रोनाल्डो ने रियाल के लिए इस सत्र के ग्रुप चरण में 11 गोल किए थे लेकिन ये सभी गोल उन्होंने घरेलू मैदान पर किए हैं।
 
रोनाल्डो ने इस सत्र में रियाल के लिए सभी चैंपियनशिपों में कुल 32 गोल किए हैं जिनमें 21 उन्होंने घरेलू मैदान पर किए हैं जबकि विदेशी जमीन पर 11 गोल किए हैं। लेकिन 29 नवंबर को एल्बर में ला लीगा मैच में भी रियाल मैड्रिड की 2-0 की जीत में रोनाल्डो गोल नहीं कर सके थे और इसके बाद से ही उन्होंने विदेशी जमीन पर मैचों में गोल नहीं किए हैं। वे हाल ही में ला लीगा मैचों में रियाल बेटिस और ग्रेनाडा के खिलाफ भी गोल नहीं कर सके थे। (वार्ता)