बैडमिंटन में भारत ने सिंगापुर को धोया
हैदराबाद। शीर्ष खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत की अगुवाई में भारतीय पुरूष टीम ने एशिया टीम बैडमिंटन चैंपियनशिप में बुधवार को सिंगापुर को एकतरफा अंदाज में 5-0 से हरा दिया।
भारत ने सिंगापुर के खिलाफ इस मुकाबले में ग्रुप एमए में सभी पांच मैच जीत लिए। सिंगापुर ने इससे पूर्व अपने पहले मुकाबले में सोमवार को चीन के खिलाफ कड़े संघर्ष के बाद 2-3 की पराजय झेली थी लेकिन भारतीय टीम ने सिंगापुर को सभी पांच मैचों में धो दिया।
श्रीकांत ने डैरेक वांग जी लियांग को 49 मिनट में 21-16 12-21 21-13 से हराया। युगल मैच में मनु अत्री और बी सुमित रेड्डी ने योंग केई और कीन हीन लोह को 27 मिनट में 21-15 21-14 से हराया। दूसरे एकल मैच में अजय जयराम ने कीन यियू को 29 मिनट में 21-11 21-18 से पराजित किया।
दूसरे युगल मैच में प्रणव चोपड़ा और अक्षय देवालकर ने डैनी बावा और हेंद्रा विजया को 27 मिनट में 21-14, 21-13 से हराया। आखिरी एकल मैच में एच एस प्रणय ने जिन रेई रेयान को 24 मिनट में 21-10, 21-12 से शिकस्त दे दी। (वार्ता)