1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Andy Murray, Johanna Kanta
Written By
Last Modified: मेलबर्न , बुधवार, 27 जनवरी 2016 (23:01 IST)

मरे और कोंता ने सेमीफाइनल में पहुंचकर रचा इतिहास

Andy Murray
मेलबर्न। ब्रिटेन के लिए साल के पहले ग्रैंड स्लैम ऑस्ट्रेलियन ओपन में बुधवार का दिन ऐतिहासिक रहा, जब उसके विश्व के दूसरे नंबर के खिलाड़ी एंडी मरे और जोहाना कोंता ने क्रमश: पुरुष और महिला एकल के सेमीफाइनल में जगह बना ली।
दूसरी वरीयता प्राप्त मरे ने आठवीं सीड स्पेन के डेविड फेरर को तीन घंटे 20 मिनट तक चले चार सेटों के संघर्षपूर्ण क्वार्टर फाइनल मुकाबले में 6-3, 6-7, 6-2, 6-3 से पराजित कर छठी बार ऑस्ट्रेलियन ओपन के अंतिम चार में जगह बना ली।  
 
इससे पहले महिला एकल में उनकी हमवतन कोंता ने चीनी क्वालीफायर शुआई झांग को 6-4, 6-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। वर्ष 1977 के बाद यह पहला मौका है जब महिला और पुरुष एकल के अंतिम चार में ब्रिटेन के खिलाड़ी पहुंचे हैं।
 
मरे का सेमीफाइनल में 13वीं वरीयता प्राप्त कनाडा के जोरदार सर्विस करने वाले खिलाड़ी मिलोस राओनिक के साथ मुकाबला होगा, जिन्होंने एक अन्य क्वार्टर फाइनल में 23वीं सीड फ्रांस के गायेल मोंफिल्स को दो घंटे 17 मिनट में 6-3, 3-6, 6-3, 6-4 से हराया। राओनिक पहली बार ऑस्ट्रेलियन ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचे हैं और यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले कनाडाई खिलाड़ी बने हैं। (वार्ता)