1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Andy Murray
Written By
Last Updated :लंदन , सोमवार, 21 दिसंबर 2015 (17:06 IST)

एंडी मरे 'स्पोर्ट्स पर्सनॉलिटी ऑफ द ईयर'

Andy Murray
लंदन। लंबे अंतराल के बाद ब्रिटेन को डेविस कप विजेता बनाने वाले स्टार टेनिस खिलाड़ी एंडी मरे को उनके शानदार खेल के लिए यहां रविवार को आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान इस वर्ष के बीबीसी ‘स्पोर्ट्स पर्सनॉलिटी ऑफ द ईयर’ पुरस्कार के लिए चुना गया।
विश्व के दूसरे नंबर के स्टार खिलाड़ी मरे की अगुवाई में ब्रिटेन 1936 के बाद पहली बार डेविस कप विजेता बना। मरे इस पुरस्कार के लिए दूसरी बार चुने गए हैं। 
 
पुरस्कार ग्रहण के बाद ब्रिटेन के इस शीर्ष खिलाड़ी ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि पुरस्कार पाना वाकई अद्भुत और अविश्वसनीय है। मैंने इसकी उम्मीद नहीं की थी। मुझे इसकी सूचना एक मित्र ने संदेश द्वारा दी। मैं इतने शानदार एथलीटों के बीच इस पुरस्कार के लिए चुने जाने पर बेहद भावुक हूं। यह मेरे लिए बेहद खास है।
 
ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता मरे इससे पहले 2012 में यूएस ओपन और विंबलडन का खिताब अपने नाम कर चुके हैं और इस वर्ष अपने चमकदार खेल से उन्होंने ब्रिटेन को डेविस कप विजेता बनाया। उन्होंने इस पुरस्कार को पाने को एक गौरवशाली क्षण बताते हुए कहा कि इससे निश्चित रूप से उन्हें बेहतर करने की प्रेरणा मिलेगी।
 
बीबीसी स्पोर्ट्स पुरस्कार क्रम में दूसरे स्थान पर केविन सनफील्ड रहे जिन्होंने अपने शानदार रग्बी करियर में तमाम सफलताएं हासिल करने के बाद संन्यास ले लिया है। उन्होंने अपने अंतिम सत्र में चैलेंज कप, लीग लीडर्स शील्ड और सुपर लीग खिताब जीते थे।
 
तीसरे स्थान पर हैप्टाथलन चैंपियन जेसिका इनिस हिल्स रहीं जिन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए हाल ही में विश्व हैप्टाथलन का खिताब जीता था। इसके अलावा जंप जॉकी रेसिंग लीजेंड एपी मैकाय को उनके अभूतपूर्व योगदान के लिए ‘लाइफटाइम एचीवमेंट’ पुरस्कार के लिए चुना गया। 
 
प्रतिष्ठित यूरो फुटबॉल कप में अपने देश को फाइनल तक का सफर कराने वाले उत्तरी आयरलैंड की टीम के प्रबंधक माइकल ओ' नील को सर्वश्रेष्ठ कोच का पुरस्कार दिया गया जबकि डेविस कप में ऐतिहासिक जीत हासिल करने वाली ब्रिटेन की टेनिस टीम को सर्वश्रेष्ठ टीम ट्रॉफी दी गई। (वार्ता)