न्यूयॉर्क। अमेरिका के रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक दोनों ही पार्टियों के कई सांसद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलने के लिए उत्सुक हैं, जो शनिवार को यहां सिलिकॉन वैली आने वाले हैं। मोदी का सामुदायिक स्वागत आयोजित करने वाले आयोजकों ने यह जानकारी दी।
27 सितंबर को सैन जोस के सैप सेंटर में अपनी मौजूदगी की पुष्टि कर चुके सांसदों के समूह में प्रतिनिधि सभा की पूर्व स्पीकर नैन्सी पेलोसी और सदन की विदेश मामलों की समिति के अध्यक्ष एड रॉयस शामिल हैं।
कांग्रेस के एमी बेरा और जॉर्ज होल्डिंग दोनों ही प्रभावशाली ‘कांग्रेशनल कॉकस ऑन इंडिया एंड इंडियन अमेरिकन्स’ के सह अध्यक्ष हैं। सैप सेंटर में स्वागत समारोह में दोनों मौजूद रहेंगे, जहां 18,500 भारतीय-अमेरिकी शामिल होंगे। फिलहाल कांग्रेस में बेरा एकमात्र भारतीय अमेरिकी हैं, जो प्रतिनिधि सभा में सिलिकॉन वैली जिले का प्रतिनिधित्व करते हैं।
स्वागत समारोह में लोरेटा सांचेज, एरिक स्वॉलवेल, माइक होंडा, तुलसी गब्बार्ड, शीला जैक्सन ली, पीट सेशन और जिम मैक्डर्माट भी शामिल होंगे।
‘इंडो अमेरिकन कम्युनिटी ऑफ वेस्ट कोस्ट’ ने बताया कि इनके अलावा, जेरी मैक्नेरनी, जॉन गैरामेंडी और डाना रोरबाशर भी कांग्रेस में अपने सहयोगियों के साथ प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे। इस नवगठित संगठन को मोदी के स्वागत की मेजबानी सौंपी गई है।
कैलिफोर्निया के 15वें संसदीय जिले में विशाल भारतीय-अमेरिकी समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले कांग्रेस सदस्य एरिक स्वालवेल ने एक वीडियो संदेश जारी किया है जिसमें उन्होंने कहा है कि ‘बे एरिया' में हमारे घर में भारतीय प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करने की बात से वे खुश हैं।
रॉयस ने कहा कि मोदी का सिलिकॉन वैली दौरा अमेरिका और भारतीय प्रौद्योगिकी क्षेत्रों को एक बड़े हिस्से में एक-दूसरे के करीब लाएगा, क्योंकि यहां भारतीय-अमेरिकी समुदाय की उल्लेखनीय उपलब्धियां हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी आर्थिक विकास के लिए रास्ता बनाते हुए हमारी आर्थिक भागीदारी को आगे बढ़ाने में मदद के लिए पहले ही बहुत कुछ कर चुके हैं।
मोदी की धुर समर्थक तुलसी गब्बार्ड ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करने के लिए उत्सुक हूं। वे विभिन्न प्रौद्योगिकी उद्यमियों और मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ मुलाकात करेंगे। देखना है कि हम ऐसी भागीदारियां कैसे विकसित कर सकते हैं जिससे अमेरिका और भारत दोनों की ही अर्थव्यवस्था को लाभ हो।
कांग्रेस की जोए लोफग्रेन सैप सेंटर तक नहीं जा पा रही हैं। उन्होंने एक वीडियो संदेश पोस्ट किया है जिसमें उन्होंने कहा है कि भारत और सिलिकॉन वैली नवाचार और उद्यमशीलता के आदर्शों को साझा करते हैं।
लोफग्रेन ने विश्वास जताया कि मोदी की सिलिकॉन वैली के प्रौद्योगिकी उद्यमियों, नेताओं और मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ मुलाकात दोनों देशों के बीच रिश्तों को मजबूत और लाभकारी बनाएगी।
फ्रैंक पलोने ने एक वीडियो में कहा है कि बीते 20 सालों में अमेरिका-भारत के संबंध आगे बढ़े हैं और उनमें साझा रणनीतिक एवं आर्थिक हितों समेत कई क्षेत्रों में भागीदारी के सतत विस्तार की गुंजाइश है। दोनों प्रख्यात सीनेटर अमेरिका में प्रधानमंत्री का स्वागत करने वाले कांग्रेस सदस्यों में शामिल हैं।
मोदी के पिछले अमेरिका दौरे में उनसे सबसे पहले मिलने वाले शीर्ष अधिकारियों में से एक जॉन मैक्केन ने एक वीडियो संदेश में भारत-अमेरिका भागीदारी के लिए अपना दृष्टिकोण बताया।
सीनेटर रोजर वाइकर ने एक वीडियो संदेश में कहा कि वे अमेरिका और भारत के बीच जुड़ाव और साझा हितों से परिचित हैं। उन्होंने भारत को दुनिया का सबसे मुक्त बाजार लोकतंत्र बताया। (भाषा)