अनिवासी भारतीयों ने ‘मिशन 2022’ की शुरुआत की
वॉशिंगटन। अमेरिका में 30 लाख अनिवासी भारतीयों ने कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्रीज के सहयोग से ‘मिशन 2022’ की शुरुआत की है ताकि 21वीं सदी में अमेरिका-भारत के सहयोग को और मजबूती दी जा सके।
सीआईआई और अनिवासी भारतीयों की तरफ से आयोजित स्वागत समारोह में उद्यमी एमआर रंगास्वामी ने कहा कि हमने मिशन 2022 का लक्ष्य तय किया है जिसमें अगले 7 वर्षों में अनिवासी भारतीयों के साथ कई वार्ताएं आयोजित की जाएंगी।
समारोह में अमेरिका के वाणिज्य मंत्री पेनी प्रीत्जकर और भारत की वाणिज्य मंत्री निर्मला सीतारमण भी मौजूद थीं। यह वार्ता हर 6 महीने पर आयोजित की जाएगी।
उन्होंने मंगलवार को बताया कि लक्ष्य है कि 2022 तक अमेरिका-भारत साझीदारी 21वीं सदी की महत्वपूर्ण साझीदारी बने। भारत के अंदर सकारात्मक बदलाव को उजागर करते हुए सीआईआई अध्यक्ष सुमीत सुमतेर ने भारत के बदलाव में निवेश के लिए अनिवासी भारतीयों को आमंत्रित किया।
उन्होंने वर्तमान में मौजूद व्यापक अवसरों को हासिल करने और परस्पर विकास में भागीदार होने का आह्वान किया। (भाषा)