मोदी के खिलाफ नारेबाजी पर संसद में बवाल, क्या है भाजपा नेताओं की मांग?
Parliament news in hindi : कांग्रेस की रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गई आपत्तिजनक नारेबाजी पर संसद के दोनों सदन में सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। सत्ता पक्ष ने कांग्रेस के शीर्ष नेताओं से इस मामले में माफी की मांग की।
राज्यसभा में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि कल कांग्रेस पार्टी की एक रैली में आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के खिलाफ 'मोदी तेरी कब्र खुदेगी, आज नहीं तो कल खुदेगी' के नारे लगाए गए, ये कांग्रेस पार्टी की असली सोच और मानसिकता का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री जी की मृत्यु की कामना करना अत्यंत निंदनीय है। इस अमर्यादित भाषा के लिए सोनिया गांधी और राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए। कांग्रेस ने राजनीति का स्तर इतना गिरा दिया है, जो कल्पना से भी बाहर है।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में कहा कि 14 दिसंबर, 2025 को कांग्रेस की रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कब्र खोदने की बात कही गई है। कांग्रेस पार्टी का पूरा नेतृत्व उस रैली में मौजूद था। इस देश के लिए इससे ज्यादा शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण और कुछ नहीं हो सकता है। मैं चाहता हूं, इस सदन के माध्यम से कांग्रेस का नेतृत्व देश से माफी मांगे।
गौरतलब है कि कांग्रेस द्वारा रामलीला मैदान पर आयोजित रैली का एक वीडियो सामने आया जिसमें रैली में शामिल होने आए कार्यक्रर्ता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर विवादित नारे लगा रहे हैं। रैली के लिए देशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचे थे।
edited by : Nrapendra Gupta