1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Pakistan ceasefire Jammu-Kashmir
Written By
Last Modified: (वार्ता) , रविवार, 14 मई 2017 (16:23 IST)

पाकिस्तान ने फिर किया संघर्षविराम का उल्लंघन

Pakistan
जम्मू। पाकिस्तान ने रविवार को फिर जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा के समीप संघर्षविराम समझौते का उल्लंघन किया और यहां अग्रिम चौकियों पर मोर्टार और स्वचालित हथियारों से गोलीबारी की।
 
रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तान की सेना ने रविवार सुबह 6 बजकर 45 मिनट पर छोटे, स्वचालित और 82 मिलीमीटर एवं 120 मिलीमीटर मोर्टार से अंधाधुंध गोलीबारी की। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना ने भी पाकिस्तान की ओर से इस गोलीबारी का करारा जवाब दिया।
 
इससे पहले शनिवार को पाकिस्तानी सेना की ओर से जम्मू-कश्मीर के नौशेरा सेक्टर के झांगर सीमा क्षेत्र में गोलीबारी की घटना में 1 नाबालिग बालिका समेत 2 नागरिकों की मौत हो गई थी और 5 अन्य घायल हो गए थे।
 
इस घटना के बाद जिला प्रशासन ने सीमा के पास रहने वाले ग्रामीणों को सरकारी संस्थानों में बने राहत शिविरों में भेज दिया है और अगले आदेश तक स्कूलों को अनिश्चितकाल तक के लिए बंद कर दिया है। सरकार ने स्वास्थ्य विभाग और अन्य बड़ी इकाइयों को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैनात रहने के आदेश के साथ सभी की छुट्टियों को भी स्थगित कर दिया है। (वार्ता)