1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. operation sindoor first anniversary : PM Modi changes DP
Last Updated :नई दिल्ली , गुरुवार, 7 मई 2026 (11:40 IST)

ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ: पीएम मोदी ने बदली अपनी प्रोफाइल पिक्चर, वायुसेना ने जारी किया तबाही का वीडियो; आतंकियों को कड़ा संदेश

one year of operation sindoor PM Modi changes DP
Operation Sindoor : ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेना के जाबांजों को सलाम किया है। उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी प्रोफाइल डीपी चेंज करते हुए अपनी फोटो की जगह ऑपरेशन सिंदूर की तस्वीर लगाई है। पहलगाम हमले का बदला लेने के लिए 7 मई को पीओके में की गई इस कार्रवाई को वायुसेना ने 'न्याय' करार दिया।
 
पीएम मोदी ने एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा- ऑपरेशन सिंदूर में भारत को मिली असाधारण विजय हमारे वीर सैनिकों के अद्भुत पराक्रम और देशभक्ति की प्रेरक मिसाल है। उनके अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और कर्तव्यनिष्ठा पर हर देशवासी को गर्व है।
प्रधानमंत्री ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि एक वर्ष पहले, हमारे सशस्त्र बलों ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अद्वितीय साहस, सटीकता और संकल्प का प्रदर्शन किया था। पहलगाम में निर्दोष भारतीयों पर हमला करने का दुस्साहस करने वालों को उन्होंने मुंहतोड़ जवाब दिया। पूरा देश हमारी सेनाओं की वीरता को सलाम करता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ भारत की कड़ी प्रतिक्रिया और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक था। इसने हमारे सशस्त्र बलों की व्यावसायिकता, तत्परता और समन्वित शक्ति को भी रेखांकित किया। साथ ही, इसने हमारी सेनाओं के बीच बढ़ते समन्वय को प्रदर्शित किया और उस शक्ति को उजागर किया जो रक्षा क्षेत्र में भारत की 'आत्मनिर्भरता' की खोज ने हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा को प्रदान की है।
 
 आज, एक साल बाद, हम आतंकवाद को हराने और उसके इको सिस्टम को नष्ट करने के अपने संकल्प पर पहले की तरह ही अडिग हैं।
 
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की वर्षगांठ पर हम अपने सशस्त्र बलों की वीरता को नमन करते हैं, जिनका साहस और समर्पण राष्ट्र की सुरक्षा सुनिश्चित करता आ रहा है. इस ऑपरेशन के दौरान भारतीय सेनाओं ने अद्वितीय सटीकता, बेहतरीन समन्वय और तीनों सेनाओं के बीच गहरी तालमेल का प्रदर्शन किया, जिसने आधुनिक सैन्य अभियानों के लिए एक नया मानक स्थापित किया।’
ऑपरेशन सिंदूर पर भारतीय वायुसेना की ओर से जारी वीडियो में पहलगाम आतंकी हमले, पीएम मोदी की आतंकियों को चेतावनी और ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी कुछ झलकियां दिखाई गई हैं। वीडियो में दिखाया गया कि भारतीय सेना ने कैसे ऑपरेशन सिंदूर की तैयारी की और पाकिस्तान में बैठे आतंकियों के ठिकानों को नेस्तनाबूद किया। इसमें ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान और उसके सैन्य ठिकानों की तबाही की तस्वीर भी दिखाई गई। वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा, ‘ऑपरेशन सिंदूर, न्याय मिल गया. कार्रवाई सटीक, यादें हमेशा। ऑपरेशन सिंदूर जारी है। भारत कुछ नहीं भूलता, भारत कभी नहीं माफ करता।'
गौरतलब है कि भारत ने 7 मई को पाकिस्तान और पीओके में आतंकियों के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर चलाया था। पहलगाम में हुए आतंकी हमले का बदला लेने के लिए भारतीय सेना के जांबाजों ने इसी ऑपरेशन के तहत बदला लिया था। 
edited by : Nrapendra Gupta
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें