• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Nara Lokesh gave this statement regarding the arrest of Chandrababu Naidu
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , शनिवार, 16 सितम्बर 2023 (21:50 IST)

चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी को लेकर TDP महासचिव नारा लोकेश ने दिया यह बयान...

N. Chandrababu Naidu
N. Chandrababu Naidu's arrest case : तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के महासचिव नारा लोकेश ने शनिवार को कहा कि भ्रष्टाचार के मामले में आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की गिरफ्तारी का कदम ‘भ्रष्ट’ मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने उन्हें सत्ता से बाहर करने संबंधी पार्टी के लोकप्रिय अभियान को बाधित करने के लिए उठाया है।
 
उन्होंने कहा कि वाईएसआर कांग्रेस पार्टी से मुकाबले की इच्छुक किसी भी पार्टी का तेदेपा-जनसेना गठबंधन में शामिल होने के लिए स्वागत है। तेदेपा नेता नारा लोकेश ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामलों में केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई की धीमी गति पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि इससे सवाल तो उठते ही हैं।
 
लोकेश ने कहा, मुख्यमंत्री जमानत पर बाहर हैं। वह अब जमानत पर रहने की अपनी 10वीं वर्षगांठ मना रहे हैं जबकि सीबीआई ने 42,000 करोड़ रुपए की हेराफेरी के आरोप में आरोप पत्र दायर किया है। वह संभवतः हर गवाह को प्रभावित कर रहे हैं। यह सवाल तो खड़े करता ही है।
 
उन्होंने कहा, निरंकुश सरकार बिल्कुल भ्रष्ट है और भ्रष्ट लोग ईमानदार लोगों पर हमला करते हैं। आंध्र प्रदेश में बिल्कुल यही हुआ है। पंद्रह वर्ष तक मुख्यमंत्री और 15 वर्ष तक विपक्षी नेता के रूप में नायडू का पिछले 42 वर्ष में एक बेहद साफ-सुथरा राजनीतिक जीवन रहा है। अब एक भ्रष्ट मुख्यमंत्री, जिनके खिलाफ 38 मामले हैं, जिनमें से 10 सीबीआई और सात ईडी द्वारा दर्ज किए गए थे, उन पर कीचड़ उछालने की कोशिश कर रहे हैं।
 
रेड्डी और उनकी पार्टी वाईएसआर कांग्रेस पहले भी इन मामलों को राजनीति से प्रेरित बता चुकी है। भारतीय जनता पार्टी के सहयोगी रहे जनसेना नेता पवन कल्याण ने नायडू से मुलाकात के बाद तेदेपा के साथ अपनी पार्टी के गठबंधन की घोषणा की थी। लोकेश ने दावा किया कि गठबंधन अगले साल राज्य में संसदीय और विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करेगा।
 
तेदेपा प्रमुख के केंद्र में सत्तारूढ़ पार्टी के साथ गठबंधन करने का इच्छुक होने संबंधी अटकलों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि यह फैसला करना पूरी तरह से भाजपा और नायडू पर निर्भर है। उन्होंने कहा, हमारा रुख बिल्कुल स्पष्ट है। इस अत्याचारी शासन (जगन मोहन) के खिलाफ इस लड़ाई में जो कोई भी हमारे साथ आएगा हम स्वागत करते हैं।
 
यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें विश्वास है कि तेदेपा-जनसेना गठबंधन चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करेगा, भले ही भाजपा उनके साथ आए या नहीं, उन्होंने कहा, बिल्कुल। उन्होंने दावा किया, लोग नायडू की गिरफ्तारी से पहले जगन को सत्ता से बाहर करने के मौके का इंतजार कर रहे थे। गिरफ्तारी के बाद उनके खिलाफ काफी गुस्सा है। तेदेपा-जनसेना चुनाव में जीत हासिल करेगी।
 
यह पूछे जाने पर कि क्या चुनाव नजदीक आते ही नायडू की गिरफ्तारी तेदेपा के लिए गलत समय पर हुई है, उन्होंने कहा कि यह गिरफ्तारी रेड्डी के लिए गलत समय पर हुई है। उन्होंने कहा कि राज्यभर में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।
 
उन्होंने कहा कि न्याय में देरी हो सकती है लेकिन एक दिन न्याय जरूर मिलता है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके पिता को जल्द ही अदालतों से राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी राजनीतिक बदले की भावना के अलावा और कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि वह लोगों के सामने तथ्य रखने और भविष्य की रणनीति के बारे में पार्टी सांसदों के साथ विचार-विमर्श करने के लिए राष्ट्रीय राजधानी में थे।
 
यह पूछे जाने पर कि क्या वह केंद्र से किसी हस्तक्षेप की मांग करेंगे, लोकेश ने कहा, राज्य में वास्तव में कानून-व्यवस्था की समस्या है। यहां तक कि आंध्र प्रदेश में भाजपा नेताओं के खिलाफ भी मामले दर्ज किए गए हैं। मैं यह फैसला भाजपा पर छोड़ूंगा कि वह कैसे फैसला करेगी। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि राज्य पुलिस उन्हें गिरफ्तार भी कर सकती है।
Edited By : Chetan Gour (भाषा)
ये भी पढ़ें
MP में भारी वर्षा, CM शिवराज सिंह ने टीमों को अलर्ट पर रहने का दिया आदेश