• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Khushboo Rajpurohit killed in ahmedabad plane crash
Last Updated : शुक्रवार, 13 जून 2025 (09:58 IST)

4 महीने पहले बनीं दुल्हन, पति से मिलने की खुशी बदली मौत में, हादसे ने लील ली जान

Khushboo Rajpurohit
अहमदाबाद प्लेन हादसे में एक नवविवाहिता महिला की भी मौत हो गई। उसकी शादी महज 4 महीने पहले हुई थी। वो पति से मिलने के लिए लंदन जा रही थी। लेकिन इसके पहले मौत आ गई। एयर इंडिया विमान हादसे में दुल्हन की दर्दनाक मौत हो गई। इस दुल्हन का नाम था खुशबू राजपुरोहित।
बता दें कि अहमदाबाद प्लेन क्रैश में राजस्थान के बालोतरा जिले की रहने वाली खुशबू राजपुरोहित की भी मौत हो गई। खुशबू की अभी चार महीने पहले शादी हुई थी। वह पति के पास लंदन जा रही थी। खुशबू पहली बार विदेश जा रही थी, लेकिन उसे क्या पता था यही उसकी जिंदगी की आखिरी उड़ान साबित होगी।

चार महीने पहले हुई थी शादी : बालोतरा जिले के अरबा गांव में पली बढ़ी खुशबू राजपुरोहित का चार महीने पहले जोधपुर के खरबेरा निवासी विपुल के साथ धूमधाम से विवाह हुआ था। खुशबू के पति विपुल राजपुरोहित लंदन के सरकारी अस्पताल में बतौर डॉक्टर सेवाएं दे रहे हैं। विवाह के बाद विपुल लंदन चले गए। अब खुशबू राजपुरोहित अपने पति से मिलने के लिए लंदन जा रही थी। इस दौरान अहमदाबाद में प्लेन क्रैश की घटना हुई और इसमें खुशबू की जान चली गई।
Khushboo Rajpurohit

एयरपोर्ट के अंदर जाने का वीडियो, मातम पसरा : खुशबू के एयरपोर्ट में प्रवेश करते हुए का वीडियो सामने आया है। इसके अलावा 4 महीने पहले विवाह समारोह के वीडियो भी सामने आए हैं। इन वीडियो को देखकर परिवार के लोगों के आंसू नहीं थम रहे। पूरे गांव का माहौल गमगीन है। हर कोई इस घटना के बाद स्तब्ध है। अरबा गांव से लेकर खरबेरा तक मातम पसरा है। खुशबू को हर कोई श्रद्धांजलि दे रहा है। इस बीच सोशल मीडिया पर खुशबू के विवाह की विदाई रस्म के वीडियो वायरल हुए हैं। हालांकि खुशबू कि इस हादसे में मौत की अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन ऐसी जानकारी सामने आयी है कि प्लेन हादसे में एक इंसान को छोड़कर सारे लोग मारे गए हैं। वहीं परिवार के लोग अभी भी पॉजिटिव हैं। उनका कहना है कि उनकी बेटी घर आएगी।
विमान में सवार थे 242 लोग : बता दें कि अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान AI-171 गुरुवार को उड़ान भरने के दौरान सरदार वल्लभभाई पटेल अहमदाबाद हवाई अड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस विमान में कुल 230 यात्री और 12 चालक दल के सदस्य सवार थे। प्लेन में सवार 241 लोगों की मौत की पुष्टि की गई है। एयर इंडिया का विमान बोइंग 787-8 ट्विन जेट था। जानकारी के अनुसार, विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 1 कनाडाई और 7 पुर्तगाली नागरिक सवार थे।
 Edited By: Navin Rangiyal
ये भी पढ़ें
एकमात्र बचे यात्री विश्वास कुमार से मिले मोदी, बताया कैसे और क्या हुआ था हादसे के वक्त?