1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Kashmir weather update news
Last Modified: जम्‍मू , मंगलवार, 27 जनवरी 2026 (12:37 IST)

कश्मीर में भारी बर्फबारी, कई उड़ानें रद्द, हाईवे बंद, जाम में फंसे पर्यटक

Kashmir weather update
Kashmir weather update : कश्‍मीर के उन इलाकों को भी अपने हिस्‍से की बर्फ मिल गई है जो अभी तक इसके लिए तरस रहे थे। कश्‍मीर में एक बार फिर से भारी बर्फबारी हो रही है। कश्मीर के कुपवाड़ा और पुलवामा सहित घाटी के अन्य इलाकों में स्नोफॉल का क्रम जारी है। भारी बर्फबारी के बीच सड़कें भी ब्लॉक कर दी गई हैं। वहीं श्रीनगर एयरपोर्ट से भी उड़ानें रद कर दी गई हैं।

इस बाबत अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर में बर्फबारी के कारण मंगलवार को श्रीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से आने-जाने वाली कई उड़ानें रद कर दी गईं। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के एक अधिकारी ने कहा कि खराब मौसम और श्रीनगर एयरपोर्ट पर लगातार बर्फबारी के कारण एयरलाइंस ने आज कुछ उड़ानें रद्द कर दी हैं। अब तक कुल 50 उड़ानें (25 आने वाली और 25 जाने वाली) रद्द की जा चुकी हैं।
जम्मू कश्मीर यातायात पुलिस के प्रवक्ता के अनुसार, दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के काजीगुंड में नवयुग सुरंग और उसके आसपास ताजा बर्फबारी के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद कर दिया गया है। प्रवक्ता ने कहा कि जम्मू से श्रीनगर की ओर और इसके विपरीत किसी भी वाहन की आवाजाही की अनुमति नहीं दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि मुगल रोड जो कश्मीर को पुंछ और राजौरी के पीर पंजाल जिलों से जोड़ती है, श्रीनगर-लद्दाख रोड और सिंथन रोड, जो कश्मीर को किश्तवाड़ जिले से जोड़ती है, पहले से ही बंद हैं। उन्होंने बताया कि लोगों को सलाह दी जाती है कि वे इन सड़कों पर तब तक यात्रा न करें जब तक कि ये पूरी तरह से बहाल न हो जाए और यातायात के लिए सुरक्षित घोषित न हो जाएं।
श्रीनगर में जहां भोर में बर्फबारी शुरू हुई, पर्यटकों को सड़कों पर देखा गया, वे घाटी से यादें संजोने के लिए तस्वीरें खींच रहे थे। पिछले शुक्रवार को हुई भारी बर्फबारी के बाद कश्मीर घाटी में बर्फबारी का यह दूसरा दौर है, जिसमें अधिकांश जिले सफेद रंग में ढंके हुए थे।

श्रीनगर के रीगल चौक में केरल के पर्यटकों की एक जोड़ी ने कहा, यह पहली बार है जब हम बर्फ में खड़े हैं। हमने बर्फबारी देखने के लिए इस यात्रा की योजना बनाई है। ताजा बर्फबारी से कश्मीर में पर्यटन को बढ़ावा मिला है और हजारों पर्यटक स्कीयर के लिए प्रमुख गंतव्य गुलमर्ग की ओर आकर्षित हो रहे हैं। स्थानीय लोगों के लिए बर्फ खुशी और राहत लेकर आई क्योंकि 1 नवंबर से लंबे समय तक सूखे के बाद श्रीनगर में सीजन की पहली बर्फबारी हुई, जिससे 85 प्रतिशत वर्षा की कमी हुई।
Kashmir weather update News

जम्मू कश्मीर आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं (जेकेईएमएस) के तहत विशेष रूप से तैनात चार-पहिया-ड्राइव 4 बाय 4 एम्बुलेंस ताजा बर्फबारी के बाद केंद्र शासित प्रदेश के बर्फीले और दूरदराज के इलाकों में मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित हुई हैं।

शोपियां जिले में 108 आपातकालीन 4×4 एम्बुलेंस ने भारी बर्फबारी के बीच शिरमाला, सेडो चेक और पंजुरा के बर्फीले गांवों से तीन गर्भवती महिलाओं को बचाया। शिरमाला की एक महिला को सुरक्षित रूप से जिला अस्पताल (डीएच) शोपियां में स्थानांतरित कर दिया गया, जहां उसने बाद में एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया।
इसके अलावा नैडगाम से एक कार्डियक अरेस्ट मरीज और टुकरू गांव से एक ट्रॉमा मरीज को निकाला गया और 4×4 एम्बुलेंस सेवाओं का उपयोग करके डीएच शोपियां में स्थानांतरित कर दिया गया। जेकेईएमएस के परियोजना प्रमुख मुश्ताक अहमद के बकौल, भारी बर्फबारी के दौरान 108 सेवाओं के तहत 4×4 एम्बुलेंस की समय पर तैनाती महत्वपूर्ण साबित हुई, जिससे कठिन इलाकों में निर्बाध आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित हुईं।
Edited By : Chetan Gour
ये भी पढ़ें
UGC के नए नियमों पर जानें क्यों हो रहा बवाल, पिछड़ा बनाम अगड़ा की सियासत में भी उबाल