1. समाचार
  2. ईरान-इजरायल युद्ध
  3. ईरान-इजरायल युद्ध न्यूज
  4. hormuz strait crisis iea red zone warning impact on india global oil market analysis

Hormuz पर IEA की रेड जोन वॉर्निंग, क्या इसके मायने, भारत पर क्या होगा असर, हालात सामान्य होने में कितना समय लगेगा

Strait Of Hormuz Warning IEA
अमेरिका- ईरान के बीच 8 अप्रैल को लागू हुआ युद्धविराम फिलहाल जारी है, लेकिन तनाव बरकरार है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बातचीत की उम्मीद में नए हमलों को फिलहाल रोका हुआ है। एक्सपर्ट्‍स के मुताबिक यदि फिर से युद्ध भड़का और ऊर्जा ढांचे पर हमले हुए, तो तेल कीमतों में विस्फोटक बढ़ोतरी हो सकती है। IEA ने कहा है कि जरूरत पड़ने पर वह और तेल भंडार जारी करने को तैयार है, लेकिन दीर्घकालिक नुकसान से बचने के लिए हॉर्मुज जलडमरूमध्य को जल्द खोलना बेहद जरूरी है।  strait of Hormuz को लेकर इंटरनेशन एनर्जी एजेंसी  (IEA) ने रेड जोन की वॉर्निंग दी है।  
 
ईरान के भौगोलिक नियंत्रण वाले इस 21 किलोमीटर चौड़े जलमार्ग के बंद होने से वैश्विक तेल आपूर्ति पर गंभीर असर पड़ा है। IEA ने चेतावनी दी कि यदि हॉर्मुज दोबारा नहीं खुला या ऊर्जा निर्यात के वैकल्पिक रास्ते नहीं बनाए गए तो दुनिया और बड़े सप्लाई संकट में फंस सकती है। 
 

IEA ने क्यों दी रेड जोन की वॉर्निंग, क्या हैं इसके मायने 

ईरान युद्ध के कारण मध्य पूर्व में तेल और गैस उत्पादन बुरी तरह प्रभावित हुआ है और दुनिया के सबसे अहम समुद्री ऊर्जा मार्गों में से एक ‘हॉर्मुज जलडमरूमध्य’ बंद होने की कगार पर पहुंच गया है। ऐसे में वैश्विक ऊर्जा संकट को लेकर अब तक की सबसे गंभीर चेतावनी जारी की गई है। अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (IEA) के प्रमुख फेथ बाय्रोल ने कहा है कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाला जहाज यातायात ठप होने से दुनिया के बाजारों से प्रतिदिन करीब 1.4 करोड़ बैरल तेल की आपूर्ति कम हो गई है। 
IEA प्रमुख के मुताबिक इस संकट के चलते वैश्विक तेल भंडार तेजी से घट रहे हैं। मार्च में IEA और उसके 32 सदस्य देशों ने रिकॉर्ड 40 करोड़ बैरल तेल बाजार में जारी किया था, लेकिन अब ये भंडार भी लगभग खत्म होने की स्थिति में पहुंच गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि हालात नहीं सुधरे तो जुलाई तक वैश्विक तेल बाजार 'रेड जोन' में पहुंच सकता है।
 
‘रेड जोन’ का अर्थ ऐसी स्थिति से है जब वैश्विक तेल आपूर्ति मांग के दबाव को संभालने में असमर्थ हो जाए। यानी तेल भंडार इतने कम हो जाएं कि कोई भी अतिरिक्त बाधा सप्लाई संकट और कीमतों में तेज उछाल पैदा कर दे।  ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतें फिलहाल 104 से 105 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच चुकी हैं, जबकि युद्ध शुरू होने से पहले यह करीब 72 डॉलर प्रति बैरल थी। 
 
बाय्रोल पहले ही चेतावनी दे चुके हैं कि मौजूदा तेल संकट 1973, 1979 और 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान आए तेल संकटों से भी ज्यादा गंभीर है। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में वैश्विक बाजार से प्रतिदिन 1.4 करोड़ बैरल तेल गायब हो चुका है।

दोबारा युद्ध भड़का तो क्या होगा 

मई की शुरुआत में कीमतें 114 डॉलर तक पहुंची थीं और अगर युद्ध दोबारा भड़का तो यह 120 डॉलर प्रति बैरल के पार जा सकती हैं।  IEA के मुताबिक 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान 18.27 करोड़ बैरल तेल जारी किया गया था, लेकिन इस बार 40 करोड़ बैरल रिलीज करने के बावजूद संकट काबू में नहीं आ रहा है। बाय्रोल ने कहा कि इस स्थिति का सबसे ज्यादा असर गरीब देशों पर पड़ेगा, खासकर अफ्रीका और दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों में खाद्य संकट तक पैदा हो सकता है।
 

अभी क्यों बढ़ा खतरा?

IEA इससे पहले भी 'इतिहास के सबसे बड़े ऊर्जा सुरक्षा संकट' की चेतावनी दे चुका है। अब गर्मियों की छुट्टियों और बढ़ती यात्रा मांग के चलते स्थिति और गंभीर हो गई है। इसका असर विमान ईंधन (ATF) की कीमतों पर भी दिख रहा है। भारत में अप्रैल और मई के दौरान ATF की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई। हालांकि दिल्ली और मुंबई ने राहत देते हुए ATF पर वैट घटा दिया है।
 
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दिल्ली और मुंबई में पेट्रोल की कीमतों में हाल ही में लगभग 90 पैसे प्रति लीटर तक का इजाफा हुआ, जबकि उससे पहले देशभर में 3 रुपए प्रति लीटर तक कीमतें बढ़ाई गई थीं।  एक्सपर्ट्‍स के मुताबिक भारत में तेल की कीमतें और बढ़ेंगी और इससे महंगाई में भी बढ़ोतरी होगी।  

क्या है इसका समाधान

लंदन स्थित थिंक टैंक ‘चैथम हाउस’ में बाय्रोल ने कहा कि ईरान युद्ध से पैदा हुए ऊर्जा संकट का सबसे बड़ा समाधान हॉर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह और बिना शर्त दोबारा खोलना है। लंदन स्थित थिंक टैंक ‘चैथम हाउस’ में बोलते हुए बाय्रोल ने कहा कि IEA सदस्य देशों के पास जरूरत पड़ने पर फिर से रणनीतिक तेल भंडार जारी करने का विकल्प मौजूद है, जैसा मार्च में किया गया था।

उन्होंने कहा कि IEA इस प्रक्रिया के समन्वय के लिए तैयार है। उन्होंने अनुमान जताया कि कम से कम एक साल तक तेल उत्पादन पूरी तरह सामान्य होने की संभावना नहीं है, जिसमें संयुक्त अरब अमीरात जैसे देश भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इराक जैसे देश, जो अपने बजट के लिए तेल राजस्व पर काफी निर्भर हैं, आने वाले वर्षों तक तेल उत्पादन में दोबारा निवेश करने में कठिनाई महसूस कर सकते हैं। 

ऊर्जा के दूसरे विकल्पों पर ध्यान

बाय्रोल ने कहा कि सुरक्षित ऊर्जा आपूर्तिकर्ता के रूप में मध्य पूर्व की साख को नुकसान पहुंचा है। अब देश सुरक्षित स्रोतों और नवीकरणीय ऊर्जा के लिए अधिक कीमत चुकाने को तैयार होंगे।  उन्होंने भविष्यवाणी की कि दुनियाभर की सरकारें आने वाले वर्षों में अपनी ऊर्जा रणनीतियों की समीक्षा करेंगी और ईंधन आयात के नए विकल्प तलाशेंगी। साथ ही देश नवीकरणीय ऊर्जा, परमाणु ऊर्जा और कुछ हद तक कोयले जैसे वैकल्पिक स्रोतों की ओर भी बढ़ेंगे। Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
बटेश्वर धाम में आस्था और आधुनिकता का दिखेगा संगम, बनेगा वैश्विक पर्यटन केन्द्र