• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Heavy rain in Tamil Nadu, schools closed due to cold in many states
Last Updated : सोमवार, 8 जनवरी 2024 (14:19 IST)

तमिलनाडु में भारी बारिश, कई राज्यों में ठंड के चलते स्कूल बंद

भारी बारिश के ‍चलते तमिलनाडु के कई जिलों में सोमवार की छुट्‍टी घोषित

Tamilnadu rain
  • कश्मीर में पारा अब जमाव बिन्दु से नीचे
  • पंजाब में 14 जनवरी तक स्कूल बंद
  • राजधानी दिल्ली में भी 12 जनवरी तक स्कूलों की छुट्‍टी 
नई दिल्ली। देश में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। तमिलनाडु में उत्तरी क्षेत्र समेत कई हिस्सों में रातभर बारिश हुई, जिसके कारण अधिकारियों को कई जिलों में सोमवार को स्कूलों की छुट्टी घोषित करनी पड़ी। दूसरी ओर, कश्मीर में शीतलहर से तो थोड़ी राहत पर न्यूनतम तापमान अब भी जमाव बिन्दु से नीचे है। कड़ाके की ठंड के कारण पंजाब और राजधानी दिल्ली में भी बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ा है। 
 
चेन्नई और पड़ोसी चेंगलपट्टू और कांचीपुरम के अलावा विल्लुपुरम, कल्लाकुरीची, कडलूर, नागपत्तिनम और तिरुवरुर में अच्छी बारिश हुई।  चेंगलपट्टू, रानीपेट, वेलूर और कल्लाकुरीची सहित कई जिलों के स्कूलों में एक दिन की छुट्टी घोषित की गई। नागपत्तिनम जिला प्रशासन ने नागपत्तिनम और कीलवेलूर क्षेत्र में स्कूलों और कॉलेजों की छुट्टी घोषित कर दी है।
 
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने कहा कि जिले में 7 जुलाई को सुबह 8 बजकर 30 मिनट से सोमवार सुबह 5 बजकर 30 मिनट तक सबसे अधिक 167 मिलीमीटर बारिश हुई। इस अवधि के दौरान पुडुचेरी के करैक्कल में 122 मिमी बारिश हुई।
 
दूसरे हिस्सों में ठंड का असर : पंजाब सरकार ने भीषण सर्दी के मद्देनजर रविवार को 10वीं कक्षा तक के सभी स्कूलों को 14 जनवरी तक बंद करने का आदेश दिया। एक आधिकारिक बयान में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि स्कूल जाने वाले बच्चों के व्यापक हित में यह कदम जरूरी था।
 
बयान में कहा गया है कि क्षेत्र में खराब मौसम को देखते हुए, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आदेश दिया है कि राज्य में 10वीं कक्षा तक के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूल 8 से 14 जनवरी तक बंद रहेंगे।
 
दिल्ली में नगर निगम स्कूल 12 जनवरी तक बंद रहेंगे : राजधानी दिल्ली में में कंपकंपा देने वाली सर्दी के कारण दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) द्वारा संचालित और इससे सहायता एवं मान्यता प्राप्त सभी स्कूल अगले 5 दिन के लिए बंद रहेंगे। महापौर शैली ओबरॉय ने यह जानकारी दी। राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसतन तापमान से एक डिग्री सेल्सियस अधिक है।
 
ओबरॉय ने पोस्ट में लिखा कि मौसम की मौजूदा स्थिति को देखते हुए एमसीडी के सभी और इससे सहायता एवं मान्यता प्राप्त स्कूल अगले 5 दिन तक यानी 8 से 12 दिसंबर तक बंद रहेंगे। वहीं, 13 जनवरी को महीने का द्वितीय शनिवार है और 14 को रविवार इसलिए स्कूल अब 15 जनवरी को खुलेंगे। (एजेंसी/वेबदुनिया)
Edited by: Vrijendra Singh Jhala