शुक्रवार, 10 अप्रैल 2026
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. Amarnath yatra
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , मंगलवार, 14 अप्रैल 2015 (00:23 IST)

अमरनाथ यात्रा के लिए दिशानिर्देश जारी

Amarnath yatra
नई दिल्ली। इस साल अमरनाथ जाने वाले तीर्थयात्रियों के लिए श्राइन बोर्ड ने कई दिशानिर्देश दिए हैं जिनमें महिलाओं से पर्वतीय मार्ग पर चढ़ाई के दौरान साड़ी नहीं पहनने को कहा गया है। श्राइन बोर्ड दो माह लंबी तीर्थयात्रा का आयोजन करता है।
श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड ने पवित्र अमरनाथ गुफा में बर्फ से बनने वाले शिवलिंग के दर्शन के लिए दो जुलाई से शुरू होने वाली तीथयात्रा से पहले ये दिशानिर्देश जारी किए हैं।
 
बोर्ड ने सुझाव दिया है कि तीर्थयात्रा में लोगों को समुचित गर्म कपड़े लेकर जाना चाहिए क्योंकि कई बार तापमान एकाएक गिरकर पांच डिग्री सेल्सियस से नीचे चला जाता है। उन्हें छाता, विंड चीटर, बरसाती एवं वॉटरप्रूफ जूते ले जाने का सुझाव भी दिया है क्योंकि यात्रा के दौरान मौसम अनिश्चित रहता है।
 
जम्मू कश्मीर के राज्यपाल एनएन वोहरा की अध्यक्षता वाले बोर्ड ने कहा है कि तीर्थयात्रियों को अपने कपड़े एवं भोजन सामग्री उपयुक्त वॉटरप्रूफ बैग में रखने चाहिए ताकि वे भीगे नहीं।
 
दिशानिर्देश में कहा गया, अपनी जेब में एक पर्ची रखिए जिसमें आपकी तारीख पर ही दर्शन के लिए यात्रा शुरू करने वाले किसी अन्य यात्री का नाम, पता एवं मोबाइल नंबर लिखा हो। आपात स्थिति के लिए अपने साथ अपना पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस एवं यात्रा परमिट भी रखिए। 
 
कुलियों तथा सामान ले जाने वाले घोड़ों, टट्टुओं और अन्य तीर्थयात्रियों के साथ समूह में चलिए बोर्ड ने यह भी सुझाव दिया है कि महिला तीर्थयात्रियों को पर्वतीय मार्ग पर चढ़ाई के समय साड़ी न पहनकर सलवार-कमीज, पेंट-शर्ट या ट्रेक सूट पहनना चाहिए जो उनके लिए अधिक सुविधाजनक रहेगा। (भाषा)