• Webdunia Deals
  1. चुनाव 2024
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव समाचार
  4. Dimple Yadav's address at the election rally in Etawah
Last Updated : मंगलवार, 23 अप्रैल 2024 (19:19 IST)

डिंपल यादव बोलीं, केंद्र में सरकार बदलने पर बदल जाएगी UP की भी सरकार

बोलीं, इंडिया गठबंधन चुनाव जीत रहा

डिंपल यादव बोलीं, केंद्र में सरकार बदलने पर बदल जाएगी UP की भी सरकार - Dimple Yadav's address at the election rally in Etawah
Dimple Yadav's address at election rally : समाजवादी पार्टी (SP)  अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी और मैनपुरी लोकसभा सीट से सपा प्रत्याशी डिंपल यादव (Dimple Yadav) ने इटावा (यूपी) में मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) की मौजूदा सरकार को हटाने की जिम्मेदारी युवाओं की है और केंद्र में भाजपा की सरकार हटने के बाद उत्तरप्रदेश में भी इस पार्टी की सरकार हट सकती है।
 
संविधान और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव : मैनपुरी से मौजूदा सांसद डिंपल ने यहां एक चुनावी जनसभा में कहा कि 2024 का लोकसभा चुनाव कहीं न कहीं संविधान और लोकतंत्र को बचाने का भी चुनाव है। समाज का हर वर्ग खुद को उपेक्षित महसूस कर रहा है। भाजपा के लोग झूठी बातें फैलाते हैं। अब पूरा प्रदेश और देश जान गया है कि यह झूठ और लूट की सरकार है।
 
डिंपल ने कहा कि हमें यह चुनाव बहुत बारीकी के साथ-साथ चालाकी से भी लड़ना है। हमारा उद्देश्य यही होना चाहिए कि जो सरकार संविधान को मिटाना चाहती है और संविधान के माध्यम से हमें मिलने वाले राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक अधिकारों और सम्मान को छीनना चाहती है, उसको हटाने का यह सही समय है। अगर यह सरकार केंद्र से हटती है तो उत्तरप्रदेश से भी यह सरकार हट सकती है।
 
भाजपा ने पूरे देश में भ्रष्टाचार फैलाया : उन्होंने कहा कि हम सभी जानते हैं कि किस तरह से चुनावी बॉण्ड के माध्यम से भाजपा ने पूरे देश में भ्रष्टाचार फैलाया है। भाजपा सरकार ने अग्नि वीर योजना लाकर देश को नीचा दिखाने का काम किया है। यह केवल 4 साल की नौकरी की योजना है। मैं समझती हूं कि ऐसी सरकार को हटाने का दायित्व सभी युवाओं का है।
 
इंडिया गठबंधन चुनाव जीत रहा : सपा सांसद ने किसी का नाम लिए बगैर कहा कि आप सब हमारा परिवार हैं और जिनके परिवार नहीं हैं, वे यह नहीं समझ पाएंगे कि परिवार के साथ भावनात्मक रिश्ता क्या होता है? डिंपल ने बाद में बातचीत में दावा किया कि इस बार लोकसभा चुनाव में इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) गठबंधन चुनाव जीत रहा है, केवल इतना जानना बाकी है कि कितने अंतर से जीतते हैं और क्या हम अपनी पिछली जीत का अंतर और बढ़ा पाते हैं या नहीं।
 
राशन में धांधली का आरोप लगाया : उन्होंने भाजपा पर राशन में धांधली का आरोप लगाते हुए कहा कि आज से 10 साल पहले सरकारी राशन में केरोसिन तेल के साथ-साथ दाल, गेहूं और चावल मिलता था। इन लोगों (भाजपा सरकार) ने राशन में भारी कटौती कर दी है। राष्ट्रीय अपराध अभिलेख ब्यूरो के आंकड़े बताते हैं कि उत्तरप्रदेश में महिलाओं के प्रति जघन्य अपराधों में 50 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
 
भाजपा द्वारा मैनपुरी सीट से प्रदेश के पर्यटन मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह को मैदान में उतारे जाने के बारे में डिंपल ने कहा कि मैं समझती हूं कि लोग समझ गए हैं कि उन्हें क्यों उतारा गया है क्योंकि वे जानते हैं कि जयवीर सिंह दबाव की राजनीति में भरोसा करते हैं। इस बार सपा रिकॉर्डतोड़ जीत हासिल करेगी।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta