रिचर्ड्स मेरे सर्वकालिक पसंदीदा खिलाड़ी : मैकुलम
पोर्ट ऑफ स्पेन। न्यूजीलैंड के कप्तान ब्रैंडन मैकुलम ने वेस्टइंडीज के महान खिलाड़ी सर विवियन रिचर्ड्स को अपना सर्वकालिक पसंदीदा खिलाड़ी करार दिया है।
मैकुलम ने कहा, सर विवियन रिचर्ड्स मेरे सर्वकालिक पसंदीदा खिलाड़ियों में शामिल हैं। अपने समय के दौरान वे पूरे विश्व के अग्रणी क्रिकेटर बने रहे। कुछ समय पूर्व मुझे उनसे मिलने का मौका मिला था और वह एक शानदार मुलाकात रही थी। क्रिकेट इतिहास के सबसे विध्वंसक बल्लेबाजों में शुमार रिचर्ड्स का औसत टेस्ट में 50:23 तथा वनडे में 47 का रहा।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर चुके मैकुलम इस वर्ष होने वाले कैरेबियन क्रिकेट लीग के चौथे संस्करण में त्रिनबागो नाइटराइडर्स टीम की तरफ से खेलेंगे।
71 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 2140 रन बना चुके मैकुलम ने कहा, मैं सीपीएल में खेलने को लेकर उत्साहित हूं। कैरेबियाई कॉर्निवल के अलावा विश्व के शानदार खिलाड़ियों की मौजूदगी से यहां खेलने में रोमांच आएगा। (वार्ता)