IND vs ENG Abhimanyu Easwaran : इंडियन क्रिकेट टीम इस वक्त इंग्लैंड दौरे पर है और मैनचेस्टर में खेले गए चौथे टेस्ट में तीन बदलाव देखने को मिले। चोटिल होने के चलते आकाश दीप और अर्शदीप की जगह अंशुल कंबोज (Anshul Kamboj) और शार्दूल ठाकुर (Shardul Thakur) को मौका मिला। वहीं, करुण नायर (Karun Nair) जो अब तक सिर्फ 131 रन ही बना पाए थे, उनकी जगह पर साई सुदर्शन को मौका दिया गया। साई और कांबोज दोनों ने इस सीरीज में अपना टेस्ट डेब्यू किया।
लेकिन हैरानी की बात ये है कि एक खिलाड़ी जो सालों से टीम के साथ है अभिमन्यु ईश्वरन आज तक अपना डेब्यू नहीं कर पाया है। सोचिए, साल 2022 से अब तक भारत के लिए 15 नए टेस्ट खिलाड़ी डेब्यू कर चुके हैं, लेकिन अभिमन्यु ईश्वरन सिर्फ नेट्स और बेंच पर ही नज़र आए हैं। अभिमन्यु को 2023 में भी साउथ अफ्रीका के खिलाफ स्क्वाड में जगह मिली थी लेकिन वे प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं बन पाए थे।
आखिर क्या है ईश्वरन की कहानी?
29 साल के इस बल्लेबाज़ ने घरेलू क्रिकेट में जमकर रन बनाए हैं। बंगाल के लिए ओपनिंग करने वाले अभिमन्यु अब तक 103 फर्स्ट क्लास मैचों में 48.7 की एवरेज से 7841 रन बना चुके हैं, जिनमें 27 शतक और 31 अर्धशतक शामिल हैं। उनकी तकनीक, संयम और लंबी पारियां खेलने की कला ने कई बार चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा।
साल 2022 में उन्हें पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिली थी बांग्लादेश दौरे पर जब रोहित शर्मा चोटिल हुए थे। लेकिन तब भी उन्हें अंतिम 11 में खेलने का मौका नहीं मिला और टीम ने वो सीरीज 2-0 से जीत ली।
कई प्लेयर डेब्यू कर चुके, लेकिन अभिमन्यु अब भी बाहर
उनके डेब्यू की उम्मीदों को सबसे बड़ा झटका तब लगा जब बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2024-25 (Border-Gavaskar Trophy) के बाद यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) का शानदार उभार और केएल राहुल (KL Rahul) की लगातार बेहतरीन फॉर्म ने उनके लिए दरवाज़े लगभग बंद कर दिए।
इन खिलाड़ियों को अभिमन्यु ने आंखों के सामने डेब्यू करते देखा लेकिन उन्हें मौका नहीं मिला
यशस्वी जायसवाल, ईशान किशन – जुलाई 2023 (वेस्टइंडीज)
मुकेश कुमार – जुलाई 2023 (वेस्टइंडीज)
सूर्यकुमार यादव, केएस भरत – फरवरी 2023 (ऑस्ट्रेलिया)
प्रसिद्ध कृष्णा – दिसंबर 2023 (साउथ अफ्रीका)
राजत पाटीदार – फरवरी 2024 (इंग्लैंड)
आकाशदीप – फरवरी 2024 (इंग्लैंड)
नितीश रेड्डी, हर्षित राणा – नवंबर 2024 (ऑस्ट्रेलिया)
साई सुदर्शन – जून 2025 (इंग्लैंड)
अंशुल कंबोज – जुलाई 2025 (इंग्लैंड)
इतना ही नहीं, सरफराज खान, देवदत्त पडिक्कल और ध्रुव जुरेल जैसे खिलाड़ियों को भी मौका मिल चुका है, जबकि घरेलू क्रिकेट में अभिमन्यु ईश्वरन ने भी उतना ही अच्छा प्रदर्शन किया है।
हर सीरीज में बस "वेटिंग" में नाम
अभिमन्यु कई बार भारतीय टेस्ट टीम के साथ बतौर रिज़र्व शामिल किए गए। उन्होंने प्रैक्टिस सेशन्स में हिस्सा लिया, नेट्स में टॉप गेंदबाज़ों को फेस किया, लेकिन जब भी प्लेइंग इलेवन की बारी आई, उन्हें बाहर ही बैठना पड़ा।
क्या अब मौका मिलना और मुश्किल है?
जायसवाल और राहुल के ओपनिंग स्लॉट्स फिक्स हैं। शुभमन गिल भी मिडिल ऑर्डर में सेट हो चुके हैं। ऐसे में अभिमन्यु के लिए रास्ता और मुश्किल होता जा रहा है। इस सीरीज में साई सुदर्शन ने डेब्यू कर लिया है, और अगर वो परफॉर्म करते हैं तो ईश्वरन की राह और भी लंबी हो जाएगी।
तो अब सवाल है कब मिलेगा इंसाफ?
कोच बदले, कप्तान बदले, डेब्यू करने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट बढ़ती गई पर अभिमन्यु ईश्वरन अब भी इंतज़ार कर रहे हैं। घरेलू क्रिकेट में लगातार रन बनाना, A टीम के लिए परफॉर्म करना और फिर भी मौका न मिलना किसी भी खिलाड़ी के लिए हताशाजनक हो सकता है।
लेकिन उम्मीद की डोर अब भी कायम है। शायद अगली सीरीज में किस्मत साथ दे जाए।