शनिवार, 5 अप्रैल 2025
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. लखीमपुर खीरी हिंसा
  4. Lakhimpur case : Rahul Gandhi attacks Modi government
Written By
Last Modified: बुधवार, 6 अक्टूबर 2021 (12:04 IST)

लखीमपुर हिंसा पर राहुल का मोदी सरकार पर हमला, भारत में अब तानाशाही

Lakhimpur case
नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा, प्रियंका गांधी की गिरफ्तार और पार्टी के कुछ अन्य नेताओं को उत्तर प्रदेश में जाने से रोके जाने की पृष्ठभूमि में बुधवार को दावा किया कि भारत में लोकतंत्र हुआ करता था, लेकिन अब तानाशाही है।
 
राहुल गांधी ने यह आरोप भी लगाया कि उत्तर प्रदेश में अपराधियों को खुले घूमने की आजादी है, जबकि पीड़ितों को जेल में डाल दिया जाता है। उन्होंने कहा कि वह छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के साथ लखीमपुर खीरी जाकर पीड़ित परिवारों से मिलने का प्रयास करेंगे।
 
उन्होंने कहा कि किसानों को जीप के नीचे कुचला जा रहा है। भाजपा के मंत्री और उनके पुत्र पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। किसानों पर सुनियोजित ढंग से आक्रमण किया जा रहा है।
 
राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी, कल लखनऊ में थे,लेकिन लखीमपुर खीरी नहीं जा पाए। हम दो मुख्यमंत्रियों के साथ लखनऊ जाने और लखीमपुर खीरी जाकर परिवारों से मिलने का प्रयास करेंगे। हम तीन लोग जा रहे हैं। हमने उनको (प्रशासन) पत्र लिखा है।
 
कांग्रेस की ओर से इस मामले पर राजनीति करने संबंधी आरोप पर उन्होंने कहा कि हमारा काम दबाव बनाने का होता है। जब हम दबाव बनाते हैं तो कार्रवाई होती है। हाथरस में हमने दबाव बनाया तो कार्रवाई हुई। सरकार चाहती है कि हम दबाव नहीं बनाएं।
 
एक सवाल के जवाब में उन्होंने दावा किया कि लोकतंत्र हुआ करता था। आज हिंदुस्तान में तानाशाही है। राजनेता उत्तर प्रदेश में नहीं जा सकते। कल से हमसे कहा जा रहा है कि आप उत्तर प्रदेश नहीं जा सकते। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री नहीं जा पाए।
 
उन्होंने कि तानाशाही इस बात की है कि भयंकर चोरी हो रही है। किसानों से चोरी हो रही है, आम जनता की जेब से चोरी हो रही है, आम लोगों की आवाज कुचली जा रही है।
ये भी पढ़ें
सेंसेक्स 360 अंक से अधिक चढ़ा, निफ्टी में भी 92 अंक की बढ़त दर्ज