1. खबर-संसार
  2. »
  3. आईटी
  4. »
  5. आईटी खबर
Written By ND

छोटे शहरों से आ रहा है धन

आईटी कंपनियों का छोटे शहरों में हिस्सा बढ़कर 60% हुआ

आई खबर
नई दिल्ली। मंदी के माहौल में भी आईटी कंपनियों के विकास को रफ्तार मेट्रो शहरों से नहीं बल्कि छोटे शहरों से मिल रही है। एक साल पहले जहाँ कुल कारोबार का 30 फीसदी से कम हिस्सा ही छोटे शहरों से आ रहा था, वहीं अब यह 60 फीसदी से ज्यादा हो गया है। इन इलाकों में आईटी उत्पादों और सेवाओं का यह बाजार बड़े शहरों की तुलना में तीन गुना रफ्तार से बढ़ रहा है।

अब तक तकनीक के मोर्चे पर पीछे रहे छोटे शहर बेहतरीन सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर उत्पादों को अपना रहे हैं। चाहे वह एलेप्पी में छाता बनाने वाली पॉपी लिमिटेड हो, जयपुर में सेरेमिक टाइल बनाने वाली क्ले क्रॉफ्ट हो या मैसूर में सीएनजी किट निर्माता सैगास ऑटो, देशभर में ऐसी तमाम कंपनियाँ, बिक्री, खरीद, माल भंडारण, स्वचालित भुगतान और अन्य कामकाज के लिए आईटी उत्पादों में निवेश कर रही हैं। इससे इन इलाकों में आईटी उत्पादों की बिक्री को रफ्तार मिल रही है।

आम उपभोक्ता में भी माँग बढ़ी

यह रुझान महज उन उपभोक्ताओं तक सीमित नहीं है जो उद्यमी हैं। आम उपभोक्ता के स्तर पर भी पर्सनल कम्प्यूटर की माँग छोटे शहरों में बढ़ी है। लोग कम्प्यूटर को अपने बच्चों की शिक्षा से जोड़कर देखने लगे हैं। माइक्रोसॉफ्ट इंडिया के प्रबंध निदेशक राजन आनंदम ने कहा कि "नई हार्डवेयर इकाइयों का करीब 65 फीसदी हिस्सा उन इलाकों में जा रहा है जो शीर्ष 30 शहरों के दायरे से बाहर हैं। बड़े शहरों की तुलना में उन इलाकों में बाजार 3 गुना तेजी से बढ़ रहा है। इसकी वजह से कंपनियों का ध्यान भौगोलिक विस्तार करने पर भी गया है।

माइक्रोसॉफ्ट का विस्तार

माइक्रोसॉफ्ट इंडिया की मौजूदगी अब 200 से ज्यादा शहरों में हो गई है, जबकि 8 महीने पहले आँकड़ा 30 शहरों का ही था। माइक्रोसॉफ्ट अकेली नहीं है। भौगोलिक विस्तार योजना के तहत आईबीएम अब 14 शहरों तक पहुँच चुकी है जबकि पहले इसकी मौजूदगी 8 शहरों तक ही थी। आईबीएम के सर्विस नेटवर्क से 200 शहरों को जोड़ा गया है। इसी तरह डाटाबेस सॉफ्टवेयर कंपनी ओरेकल के कुल 7000 उपभोक्ताओं में से 4500 गैर-मेट्रो शहरों से हैं।

एचसीएल भी आगे

घरेलू आईटी कंपनियों में एचसीएल ने हाल में 505 सर्विस सेंटर खोले हैं जिसमें से काफी छोटे शहरों में हैं। एचसीएल इंफोसिस्टम्स के ईवीपी (माकेर्टिंग) जॉर्ज पॉल का कहना है कि छोटी कंपनियों को कम्प्यूटर और ब्रॉडबैंड की जरूरत है। यूनिकोड की सुविधा के साथ आप स्थानीय भाषाओं में वेबसाइट बना सकते हैं। छोटे शहरों में तकनीक को अपनाने के लिहाज से यह बड़ी बात है। श्री पॉल ने कहा कि गैर-मेट्रो शहरों में आईटी उत्पादों और सेवाओं का बाजार साल-दर-साल आधार पर 15 फीसदी की दर से बढ़ रहा है जबकि मेट्रो शहरों में तो 20 फीसदी गिरावट आई है।
लेखक के बारे में
ND