1. खेल-संसार
  2. आईपीएल 2026
  3. आईपीएल 2026 न्यूज़
  4. Riyan Parag and Axar Patel flays sluggish fielding & drop catches
Last Updated : रविवार, 26 अप्रैल 2026 (17:49 IST)

दिल्ली और राजस्थान के हारे हुए कप्तानों ने दर्जनों कैच छोड़ने पर फील्डर्स को लगाई लताड़

Axar Patel
शनिवार को हुए दोनों मैचों की पटकथा एक ही थी। पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने पहाड़ जैसा स्कोर तो खड़ा किया लेकिन दूसरी बल्लेबाजी करने वाली टीम इसे आसानी से चढ़ गई। वैसे तो जीतने वाली टीमों ने भी कुछ कैच टपकाए लेकिन हारने वाली टीमों ने ज्यादा कैच टपकाए। ऐसे में  कप्तान रियान पराग और अक्षर पटेल ने अपने खिलाड़ियों को लताड़ लगाई।

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद के हाथों मिली पांच विकेट की हार के बाद कहा कि उनकी टीम के खिलाड़ियों ने कई मैच छोड़ दिए और इसमें सुधार करना होगा।

विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन (74 रन) और सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा (57 रन) की अर्धशतकीय पारियां 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी (103 रन) के शतक पर भारी पड़ी जिससे सनराइजर्स हैदराबाद ने शनिवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच में राजस्थान रॉयल्स को पांच विकेट से शिकस्त देकर लगातार चौथी जीत दर्ज की।

पराग ने मैच के बाद कहा, ‘‘हमने कुछ ज्यादा कैच छोड़ दिए। अभिषेक शर्मा जैसे बेहतरीन बल्लेबाज के आप कैच नहीं छोड़ सकते। मैदान पर हम और बेहतर हो सकते थे। हमें सुधार करना होगा। क्षेत्ररक्षण मैच में काफी अहम भूमिका अदा करती है। अगले मैच में तरोताजा होकर वापसी करेंगे। ’’

शनिवार को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) ने जब 264 रन का एक विशाल स्कोर खड़ा किया था, तो किसी को भी नहीं लगा था कि पंजाब किंग्स इस मैच को सात गेंद शेष रहते ही जीत जाएगी। लेकिन प्रभसिमरन सिंह के 26 गेंदों में 76 और कप्तान श्रेयस अय्यर की 71 रनों की पारी की मदद से पंजाब ने मैच को छह विकेट से आसानी से जीत लिया। इस दौरान सब फ़ील्डर करुण नायर ने श्रेयस के 29 और 35 के स्कोर पर दो कैच छोड़े, जबकि प्रभसिमरन का भी एक कठिन और एक थोड़ा आसान कैच डीसी के फ़ील्डरों ने छोड़े। इसके अलावा प्रियांश आर्य, कूपर कॉनॉली और शशांक सिंह का भी कैच डीसी के फ़ील्डरों द्वारा छोड़े गए।

वहीं पारी के तीसरे ओवर में ऐसा ही एक कठिन कैच लपकने के चक्कर में उनके तेज गेंदबाज लुंगी एन्गिडी चोटिल होकर मैच से बाहर हो गए, जिनके चार ओवरों की कमी उन्हें पूरे मैच के दौरान खली। मैच के बाद ब्रॉडकास्टर से बात करते हुए डीसी के कप्तान अक्षर पटेल ने कहा, “हम लगातार वही ग़लतियां दोहरा रहे हैं। इस तरह की पिच पर अगर आप अपने गेंदबाज़ों को सपोर्ट नहीं करेंगे और इतने सारे मौक़े देंगे, तो मुझे लगता है कि हम ऐसी हार डिजर्व करते हैं। इसके अलावा हमारी बोलिंग यूनिट ने जिस तरह से पावरप्ले में गेंदबाज़ी की, उसे भी हमें देखना होगा। इस पिच पर 264 का स्कोर बहुत अच्छा स्कोर था, बस हमें ये मौक़े नहीं गंवाने चाहिए थे और थोड़ी बेहतर गेंदबाज़ी करनी चाहिए थी।”

पंजाब ने पावरप्ले में 116 रन बनाए, जो कि इस चरण में आईपीएल का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। यह डीसी की इस सीज़न सात मैचों में चौथी हार थी, इसमें एक मैच वह भी शामिल है, जब उन्होंने अपने होमग्राउंड पर गुजरात टाइटंस के ख़िलाफ़ एक रन से मैच गंवाया था। अक्षर ने कहा, “अगर हम जो अहम मोमेंट है, उसको अपने पक्ष में कर लेते, तो दो-तीन मैचों के परिणाम हमारे पक्ष में होते। आगे हमें उन्हीं महत्वपूर्ण पलों को अपना बनाना होगा। ऐसा नहीं हो सकता कि आप हमेशा ग़लती करते रहो और फिर बेहतर परिणाम की उम्मीद करो। हम अब वापस जाएंगे और मूल्यांकन करेंगे कि और क्या बेहतर कर सकते हैं।”
लेखक के बारे में
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
गुजरात की गरज के बाद ऋतुराज लौटे फॉर्म में चेन्नई को पहुंचाया 159 रनों तक