1. खेल-संसार
  2. आईपीएल 2020
  3. आईपीएल न्यूज़
  4. Mumbai Indians Krunal Pandya Delhi Capitals

मुंबई ने इकाई के तौर पर वास्तव में अच्छी गेंदबाजी की : क्रुणाल

Mumbai Indians
अबुधाबी। मुंबई इंडियंस के ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जीत का श्रेय अपने गेंदबाजों को देते हुए कहा कि पावरप्ले में विकेट लेना और डैथ ओवरों में बहुत अधिक रन नहीं लुटाना महत्वपूर्ण साबित हुआ। 
 
मौजूदा चैंपियन मुंबई इंडियंस ने रविवार की रात को खेले गए मैच में हर विभाग में अच्छा खेल दिखाया। पहले उसने दिल्ली कैपिटल्स को 4 विकेट पर 162 रन ही बनाने दिए और फिर 19.4 ओवर में 5 विकेट पर 166 रन बनाकर जीत दर्ज की।

क्रुणाल ने मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘हमने इकाई के रूप में वास्तव में अच्छी गेंदबाजी की। हमने शुरू में ही सफलता हासिल की।’ 
 
उन्होंने कहा, ‘टी20 प्रारूप में जब भी आपको शुरू में विकेट मिलते हैं, तो विरोधी टीम पर दबाव बढ़ जाता है। हमने डैथ ओवरों में भी अधिक रन नहीं दिए। (राहुल) चाहर ने भी बहुत अच्छी गेंदबाजी की। यह पूरी टीम का अच्छा प्रयास था।’ 
 
क्रुणाल ने कहा, ‘यह हमारे लिए अच्छा है कि हमारे पास लगातार 140 किमी की रफ्तार से गेंदबाजी करने वाले तीन गेंदबाज हैं। किसी भी टीम के लिए इस तरह के तीन गेंदबाजों का होना अच्छा होता है जो तेजी के साथ स्विंग भी करा सकते हों।’ 
 
क्रुणाल ने 4 ओवर में 26 रन देकर 2 विकेट लिए। उन्होंने अपने प्रदर्शन के बारे में कहा, ‘मैंने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जिस तरह की गेंदबाजी की उससे मैं खुश हूं। गति में विविधता लाना मेरा मजबूत पक्ष है और मैं रणनीति के अनुसार गेंदबाजी करने में सफल रहा। निश्चित तौर पर आपको बल्लेबाज के मजबूत पक्ष और परिस्थिति को समझना होता है।’
अगला लेख
संडे मतलब तेवतिया का दिन, राजस्थान को दो बार दिला चुके जीत