1. खेल-संसार
  2. आईपीएल 2020
  3. आईपीएल न्यूज़
  4. It will not be difficult to adjust to the new normal situation in IPL

IPL में नए सामान्य हालात से सामंजस्य बिठाना मुश्किल नहीं होगा : जहीर खान

IPL
अबु धाबी। इंडियंन प्रीमियर लीग (IPL) में मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के गेंदबाजी कोच जहीर खान (Zaheer Khan) इस बात से ज्यादा परेशान नहीं हैं कि कोविड-19 महामारी के कारण क्रिकेटरों को ‘नई दिनचर्या’ अपनानी होगी क्योंकि उनका मानना है कि यह सिर्फ आदी होने की बात है।
 
इस नई दिनचर्या में पृथकवास, जैव सुरक्षित ट्रेनिंग शिविर, हाथों को स्वच्छ रखना, नियमित रूप से तापमान देखना और गेंद पर लार के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध शामिल है। जहीर ने माना कि इस प्रोटोकॉल में अंतिम चीज सबसे ज्यादा मुश्किल हिस्सा है।
पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज ने 19 सितंबर से शुरू होने वाली इंडियन प्रीमियर लीग का जिक्र करते हुए कहा, ‘मैं नहीं कहूंगा कि यह इतना मुश्किल होगा, यह सिर्फ नई दिनचर्या के आदी होने की बात है। तैयारियों की दिनचर्या बदलेगी और आपको इसका पालन करना होगा। वापसी करना और फिर से मैदान पर जाना अच्छा लग रहा है।’
उन्होंने कहा, ‘हमें सतर्क रहना होगा कि हम लार का इस्तेमाल नहीं करें क्योंकि गेंदबाजों के लिये पुरानी आदतें बीच बीच में आ जाती हैं। हमें इसका ध्यान रखना होगा।’ मुंबई इंडियंस ने अपने प्रत्येक खिलाड़ी को एक ‘जिप बैग’ दिया है, जिसमें उसे अपनी ट्रेनिंग गेंद रखनी होगी ताकि स्वास्थ्य सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया जा सके।
जहीर ने मुंबई इंडियंस द्वारा पोस्ट किए गए ट्‍विटर वीडियो संदेश में कहा, ‘जब आप पेशेवर एथलीट हो तो आपको ऐसी मानसिक स्थिति बनाने का तरीका ढूंढना होगा, जिसमें आप रहना चाहते हो। यह सभी के लिये अलग होती है और उसे यह जगह बनानी होती है।’
अगला लेख
IPL में पारी की शुरुआत करना Shubman Gill का पसंदीदा बल्लेबाजी क्रम