• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Ukraine crises : USA to sent 3000 soldiers in Poland
Written By
Last Updated : शनिवार, 12 फ़रवरी 2022 (10:22 IST)

यूक्रेन में युद्ध की आहट, राष्‍ट्रपति बाइडन ने पोलैंड में भेजे 3,000 से अधिक सैनिक

यूक्रेन में युद्ध की आहट, राष्‍ट्रपति बाइडन ने पोलैंड में भेजे 3,000 से अधिक सैनिक - Ukraine crises : USA to sent 3000 soldiers in Poland
वाशिंगटन। यूक्रेन पर रूस के हमले की आशंका से चिंतित उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) सहयोगियों के प्रति अमेरिकी प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए पेंटागन पोलैंड में और 3,000 सैन्य बलों को भेज रहा है। पोलैंड में 1,700 सैनिक पहले से ही तैनात हैं।
 
अमेरिका के एक वरिष्ठ रक्षा अधिकारी ने बताया कि ये अतिरिक्त सैनिक अगले कुछ दिनों में उत्तर कैरोलाइना के फोर्ट ब्रैग से रवाना होंगे और अगले सप्ताह की शुरुआत तक पोलैंड में होंगे। इन सैनिकों का मिशन प्रशिक्षण देना होगा और हमले को रोकना होगा, लेकिन वे यूक्रेन में लड़ाई में शामिल नहीं होंगे।
 
इस घोषणा से कुछ देर पहले ही अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने यूक्रेन में रह रहे सभी अमेरिकी नागरिकों को सचेत किया था कि वे जल्द से जल्द वहां से निकल जाएं। उन्होंने कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यू्क्रेन पर हमले का आदेश कभी भी दे सकते हैं।
 
नाटो सहयोगियों के लिए प्रतिबद्धता जताने के मकसद से पोलैंड में अमेरिकी बलों की तैनाती के अलावा, जर्मनी में तैनात करीब 1,000 अमेरिकी सैनिक रोमानिया भेजे जा रहे हैं।
 
रूसी बैंकों पर प्रतिबंध का खतरा : अमेरिका और उसके यूरोपीय सहयोगी देश यूक्रेन को लेकर रूस की बढ़ती गतिविधि पर प्रमुख रूसी बैंकों को लक्षित प्रतिबंधों को अंतिम रूप दे रहे हैं। रिपोर्ट में कहा गया कि प्रतिबंध में वीटीबी और सबेर बैंक को निशाना बनाया जा सकता है।
 
अमेरिकी नागरिकों को चेतावनी : रूस और यूक्रेन के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने अपने सभी नागरिकों से अगले 24 से 48 घंटों में यूक्रेन छोड़ने को कहा है। 
 
ये भी पढ़ें
CoronaVirus India Update : देश में कोरोना के 50,407 नए केस, 804 की मौत