1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Trump issues strong statement on assassination plot, threatens to wipe Iran off map
Last Modified: बुधवार, 21 जनवरी 2026 (15:16 IST)

हत्या की साजिश पर ट्रंप का सख्त बयान, ईरान को दी नामोनिशान मिटाने की धमकी

Trumps warning to Iran
Donald Trumps warning to Iran: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर चरम पर पहुंच गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि ईरान ने उनकी हत्या कराई तो अमेरिका ईरान को पूरी तरह से मिटा देगा। यह बयान ऐसे समय आया है, जब ट्रंप ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के लगभग 40 वर्षों के शासन को समाप्त करने की बात कही थी, जिस पर तेहरान की ओर से कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है।
 

और क्या कहा ट्रंप ने?

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्पष्ट कर दिया है कि अगर ईरान ने उनकी हत्या की साजिश रची, तो उसका अंजाम ईरान के पूर्ण विनाश के रूप में होगा। एक इंटरव्यू में ट्रंप ने अपने सुरक्षा सलाहकारों और सैन्य कमांडरों को दिए गए निर्देशों का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि मेरे निर्देश बहुत सख्त हैं। अगर मुझे कुछ भी होता है, तो अमेरिका ईरान को दुनिया के नक्शे से मिटा देगा। मैंने अपनी टीम को कह दिया है कि ऐसी स्थिति में ईरान का नामोनिशान खत्म कर दिया जाए।
 

ईरान ने किया था पलटवार

ट्रंप की इस चेतावनी के पीछे ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के खिलाफ उनका हालिया बयान है, जिसमें ट्रंप ने खामेनेई के 40 साल के शासन को खत्म करने का आह्वान किया था। ट्रंप ने खामेनेई को 'बीमार व्यक्ति' बताते हुए ईरान में नए नेतृत्व की जरूरत बताई है। उन्हें अपने देश को ठीक से चलाना चाहिए और लोगों की हत्या करना बंद करना चाहिए।इसके जवाब में ईरान के सैन्य प्रवक्ता जनरल अबुलफजल शेकारची ने कहा कि अगर हमारे नेता की ओर हाथ भी बढ़ा, तो हम न केवल उस हाथ को काट देंगे, बल्कि उनकी (अमेरिका की) दुनिया में आग लगा देंगे।
 

क्या कहा ईरानी राष्ट्रपति ने?

ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने अमेरिकी प्रतिबंधों को 'अमानवीय' और 'पूर्ण युद्ध' के समान बताया है। उन्होंने कहा- अगर ईरान के लोगों को अपने जीवन में मुश्किलों का सामना करना पड़ता है, तो इसकी वजह अमेरिकी सरकार और उसके सहयोगियों की तरफ से लंबे समय से चली आ रही दुश्मनी और अमानवीय प्रतिबंध हैं। हमारे देश के सुप्रीम लीडर के खिलाफ कोई भी हमला ईरान के खिलाफ पूर्ण युद्ध के बराबर होगा।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala 
ये भी पढ़ें
अनुज चौधरी के खिलाफ दिया था FIR का आदेश, CJM का तबादला