Petrol Diesel Price : पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतों पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का बयान, कब तक मिलेगी राहत
देशभर में पेट्रोल-डीजल की कीमतों ने एक बार फिर आम आदमी की चिंताओं को बढ़ा दिया है। 11 दिन में लगातार चौथी बार दाम बढ़ने के बाद कई शहरों में पेट्रोल 100 रुपए प्रति लीटर के पार पहुंच गया है, जबकि डीजल भी तेजी से 100 रुपए के करीब पहुंच रहा है। तेल कंपनियों ने सोमवार को पेट्रोल के दाम में 2.61 रुपए प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी की। इस बीच वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का बड़ा बयान सामने आया है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को पेट्रोल-डीजल पर उत्पाद शुल्क कटौती के फैसले से राजकोष पर पड़ने वाले वित्तीय असर का सटीक आंकड़ा सामने रखा।
वित्त मंत्री ने कहा कि वैश्विक संघर्षों और युद्ध की स्थिति का असर सप्लाई चेन पर पड़ा है। सीतारमण ने यह बात महाराष्ट्र के मुंबई में 'भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक' (SIDBI) के 37वें स्थापना दिवस समारोह में कही, जहां उन्होंने देश की आर्थिक स्थिति, ईंधन की कीमतों और छोटे उद्योगों की वित्तीय सेहत पर अपनी बात रखी।
एक्साइज ड्यूटी में कटौती से राजस्व का नुकसान
निर्मला सीतारमण ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालात के कारण कई क्षेत्रों में आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई है, लेकिन इसके बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत बनी हुई है। उन्होंने भरोसा जताया कि भारत अब भी दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और आर्थिक वृद्धि की गति बनाए हुए है। सीतारमण ने खुलासा किया कि पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क (एक्साइज ड्यूटी) में कटौती करने से सरकारी खजाने को ₹1 लाख करोड़ के राजस्व का नुकसान होगा।
वैश्विक चुनौतियों का जिक्र करते हुए वित्त मंत्री ने बताया कि कच्चे तेल (क्रूड) की बढ़ती कीमतों के अलावा फर्टिलाइजर की कीमतें भी ऐसे स्तर पर पहुंच गई हैं, जिसकी कल्पना नहीं की जा सकती थी। इसके साथ ही सोने (गोल्ड) की ऊंची कीमतें भी बाहरी मोर्चे पर कुछ चुनौतियां पैदा कर रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीएम मोदी ने इसी संदर्भ में देश से किफायत बरतने की अपील की थी। Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें