1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. NEET Exam paper leak exam cancelled student suicide news

NEET paper leak : डॉक्टर बनने का सपना बना बोझ? 12 दिनों में 5 स्टूडेंट्स ने दी जान, सिर्फ जांच और गिरफ्‍तारियां, जिम्मेदार मौन

neet exam
देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG सिर्फ एक एग्जाम नहीं, बल्कि लाखों परिवारों के सपनों को उड़ान देने वाला प्लेटफॉर्म है। कई बच्चे डॉक्टर बनने का सपना खुद देखने से पहले ही परिवार की उम्मीदों का हिस्सा बन जाते हैं। यही कारण है कि 20 लाख से ज्यादा छात्रों से जुड़ी इस परीक्षा में कोई भी विवाद सीधे छात्रों की मानसिक स्थिति और परिवारों की चिंता से जुड़ जाता है।
NEET-UG 2026 परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी, लेकिन पेपर लीक के आरोपों के बाद 12 मई को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा रद्द कर दी। इसके बाद दोबारा परीक्षा 21 जून को कराने की घोषणा की गई। परीक्षा रद्द होने से छात्र परेशान हैं और अपने भविष्य को लेकर चिंतित। देशभर में कई छात्रों के आत्महत्या करने की खबरें सामने आई हैं।
परीक्षा रद्द होने के बाद पिछले 12 दिनों में 5 स्टूडेंट्स ने आत्महत्या कर ली। सवाल यह है कि जिम्मेदारों की लापरवाही ने बच्चों के सपनों को कुचल दिया। अब सिर्फ हो रही है गिरफ्तारियां और जांच।  एक्सपर्ट्‍स के मुताबिक परीक्षा रद्द होने से स्टूडेंट्‍स परेशान होने के साथ ही भविष्य को लेकर आशंकित हैं। ऐसे में उनके परिवारों और संस्थानों को उनसे बातचीत के साथ ही भावनात्मक जुड़ाव की अधिक आवश्यकता है।  

कुलबर्गी की 18 साल की छात्रा ने मौत को गले लगाया

कर्नाटक के कलबुर्गी में 18 वर्षीय छात्रा भाग्यश्री ने हाल ही में आत्महत्या कर ली। उसने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसने NEET-UG की परीक्षा दी थी। पुलिस के अनुसार मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि किसी तरह की परेशानी नहीं थी और बेटी पढ़ाई में काफी अच्छी थी। भाग्यश्री ने हाल ही में 12वीं परीक्षा में 92 प्रतिशत अंक हासिल किए थे और NEET परीक्षा भी अच्छी गई थी।

परीक्षा रद्द होने के बाद लगातार बढ़े मामले

13 मई को गोवा के मडगांव में एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। सुसाइड नोट में उसने लिखा कि वह अब प्रतियोगी परीक्षाओं में हिस्सा नहीं लेना चाहता। 14 मई को यूपी के लखीमपुर खीरी में छात्र रितिक मिश्रा ने आत्महत्या कर ली।   पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने से वह तनाव में था। 15 मई को दिल्ली के आजादपुर में NEET की तैयारी कर रही एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली। राजस्थान के सीकर में छात्र प्रदीप मेघवाल ने भी जान दे दी। परिवार के अनुसार परीक्षा में उसे करीब 650 अंक आने की उम्मीद थी, लेकिन परीक्षा रद्द होने से वह परेशान था।  महाराष्ट्र के लातूर में 18 वर्षीय मैथिली सोनवाने ने भी आत्महत्या कर ली। मैथिली डॉक्टर बनना चाहती थी और परीक्षा रद्द होने से वह परेशान थी और भविष्य को लेकर चिंतित। 24 मई को कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में 18 वर्षीय छात्रा ने आत्महत्या कर ली है। उसने 2 मई को आयोजित NEET परीक्षा दी थी।

5 साल में 93 से ज्यादा NEET से जुड़े सुसाइड केस

मीडिया रिपोर्ट्स के विश्लेषण के मुताबिक पिछले 5 वर्षों में NEET से जुड़े कम से कम 93 छात्र आत्महत्या के मामले सामने आए हैं। वर्ष 2025 में सबसे ज्यादा 32 मामले दर्ज किए गए। राजस्थान का कोटा इस मामले में सबसे बड़ा केंद्र बनकर उभरा है, जहां पिछले कुछ वर्षों में कम से कम 40 छात्रों की आत्महत्या के मामले सामने आए। इसके बाद पटना और सीकर का स्थान रहा।

अब तक क्या हुआ मामले में 

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के बाद मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 3  मई को आयोजित नीट-यूजी 2026 को 12 मई को रद्द कर दिया था। दोबारा परीक्षा 21 जून को निर्धारित की गई है। CBI इस मामले की जांच कर रही है। अब तक दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे, लातूर और अहिल्यानगर से 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।  दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले के आरोपी शुभम खैरनार को 6 जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। Edited by : Sudhir Sharma
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज़ टीम
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
अगला लेख
यूपी के इतिहास में इस समय सबसे ज्यादा बिजली सप्लाई, पीक डिमांड आपूर्ति में योगी सरकार अव्वल