1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. कोरोना वायरस
  4. More than 100 doctors infected with corona virus in 2 months in Ahmedabad

अहमदाबाद में 2 महीने में 100 से अधिक डॉक्टर कोरोना वायरस से संक्रमित

Ahmedabad
अहमदाबाद। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) गुजरात के एक पदाधिकारी ने गुरुवार को कहा कि अहमदाबाद में पिछले 2 महीने में 100 से अधिक डॉक्टर कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।
 
आईएमए-गुजरात के सचिव डॉ. कमलेश सैनी ने कहा कि इनमें से कई को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है, कई अन्य का अब भी उपचार चल रहा है। उन्होंने कहा कि शहर के एक जाने-माने हड्डी रोग विशेषज्ञ की कोविड-19 से मौत हो गई है।
 
सैनी ने कहा कि कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए लोगों में वरिष्ठ डॉक्टर भी शामिल हैं। बीजे मेडिकल कॉलेज के पूर्व डीन भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।
 
उन्होंने कहा कि संक्रमित डॉक्टरों की संख्या 100 से अधिक हो सकती है, क्योंकि उनमें से अनेक सामने नहीं आए हैं और एसोसिएशन को संक्रमण के बारे में सूचना नहीं दी है।
 
अहमदाबाद नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि निकाय संचालित अस्पतालों के भी कई डॉक्टर कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं और उनमें से लगभग 100 का उपचार चल रहा है।
 
डॉक्टरों के अतिरिक्त पुलिसकर्मियों, स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों और अन्य सरकारी कर्मियों सहित अग्रिम पंक्ति के कई कोरोना योद्धा घातक विषाणु से संक्रमित पाए गए हैं।
 
अहमदाबाद में कोविड-19 की चपेट में आने वालों की संख्या बुधवार को 11 हजार के आंकड़े को पार कर गई और मृतकों की संख्या 764 तक पहुंच गई। (भाषा)
अगला लेख
डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता पेशकश से भारत ने किया किनारा, कहा- 'चीन के साथ हो रही है बातचीत'