Last Updated :मेलबोर्न , सोमवार, 18 जनवरी 2016 (15:14 IST)
पहले मैच में थामस बर्डीच से हारे युकी भांबरी
मेलबोर्न। भारत के युकी भांबरी सोमवार को ऑस्ट्रेलियाई ओपन पुरुष एकल वर्ग के पहले ही दौर में दुनिया के 6ठे नंबर के खिलाड़ी थॉमस बर्डीच से सीधे सेटों में हारकर बाहर हो गए। अपना 50वां ग्रैंडस्लैम खेल रहे बर्डीच ने युकी को 1 घंटा 45 मिनट तक चले मैच में 7-5, 6-1, 6-2 से हराया।
युकी ने आगाज अच्छा किया लेकिन फिर लय खो दी। वे 6ठी वरीयता प्राप्त बर्डीच के सामने टिक नहीं सके जिन्होंने पहले सेट में सिर्फ एक बार सर्विस गंवाई। युकी की अनुभवहीनता बर्डीच के सामने साफ नजर आई जिन्होंने 6 बार उनकी सर्विस तोड़ी।
पिछले साल सेमीफाइनल तक पहुंचे बर्डीच ने शुरुआती सर्विस गेम गंवाया लेकिन आखिर में युकी उसके सामने टिक नहीं सके। पहले सेट में डबल फॉल्ट उन पर भारी पड़ा। युकी ने मैच में 2 ऐस लगाए जबकि बर्डीच ने 13 ऐस लगाए।
बर्डीच ड्रॉ में रोजर फेडरर के क्वार्टर में हैं। उन्होंने मैच में 35 विनर लगाए। अब उनका सामना बोस्निया के मिर्जा बेसिच से होगा। विश्व रैंकिंग में 95वें स्थान पर काबिज युकी पहली बार किसी ग्रैंडस्लैम के मुख्य ड्रॉ में उतरे थे। (भाषा)