प्रो लीग से इसलिए हटे पहलवान सुशील कुमार...
नई दिल्ली। ओलंपिक में 2 बार के पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार ने स्पष्ट किया है कि प्रो रेसलिंग लीग से हटने की वजह कम कीमत नहीं, बल्कि उनकी चोट थी।
प्रो रेसलिंग लीग के शुरू होने से पहले ही सुशील इससे हट गए थे जिसके बाद काफी अटकलबाजियां लग रही थीं कि कम कीमत मिलने के कारण सुशील इस लीग से हटे हैं। हालांकि आयोजकों ने इस संदर्भ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट किया था कि सुशील चोट के कारण कुश्ती लीग से हटे हैं। इसके बावजूद अटकलों का बाजार लगातार गर्म रहा।
बीजिंग (2008) में कांस्य और लंदन (2012) में रजत जीतने वाले सुशील ने इन तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा कि मैं ट्रेनिंग के लिए जॉर्जिया गया था और मेरा हाथ कुछ खिंच गया था। मेरा एक सिद्धांत है कि मैदान में तभी उतरो, जब पूरी तरह फिट रहो। मैं पूरी तरह फिट नहीं था, इसलिए लीग से हट गया।
सुशील ने साथ ही कहा कि मेरे गुरुजी महाबली सतपाल ने भी कहा था कि लीग में तभी उतरना, जब पूरी तरह फिट रहो। भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह भी लीग में मुझे पूरी तरह फिट ही देखना चाहते थे। सतपालजी और महासंघ के अध्यक्ष दोनों की एक सलाह थी कि यदि फिट हो, तभी उतरो और मैंने अपनी फिटनेस को देखते हुए लीग से हटने का फैसला किया।
दिग्गज पहलवान ने इस बात को सिरे से खारिज कर दिया कि उनके लीग से हटने की वजह कम कीमत थी। सुशील को उत्तरप्रदेश की टीम यूपी वॉरियर्स ने 38 लाख 20 हजार रुपए की कीमत पर खरीदा है, जबकि उनके दोस्त योगेश्वर दत्त को हरियाणा हैमर्स ने 39 लाख 70 हजार रुपए की कीमत पर खरीदा था।
इस लीग की 2 सबसे महंगी खिलाड़ी वैसीलिसा मार्जाल्यूक और ओक्साना हरहेल रहीं। मार्जाल्यूक को पंजाब ने 40 लाख 20 हजार रुपए में, जबकि ओक्साना को हरियाणा ने 41 लाख 30 हजार रुपए में खरीदा।
सुशील ने इस बारे में कहा कि कम कीमत मिलने के कारण लीग से हटने की बात सरासर बेबुनियाद है। उन्होंने इस बात को भी खारिज किया कि उनके हटने के पीछे आयोजकों में से किसी एक के साथ उनकी कोई तनातनी है।
उन्होंने कहा कि मेरा ध्यान इस समय सिर्फ अपने अभ्यास पर चल रहा है। मेरे लिए छत्रसाल स्टेडियम का कमरा, प्रैक्टिस हॉल का मैट और कड़ा अभ्यास ही एकमात्र लक्ष्य रह गया है। मैं अपने आपको फिट रखने के लिए पूरा ध्यान लगा रहा हूं और इसके लिए लगातार अभ्यास कर रहा हूं। (वार्ता)