बुधवार, 8 अप्रैल 2026
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Serena Williams
Written By
Last Modified: न्यूयॉर्क , गुरुवार, 5 नवंबर 2015 (23:48 IST)

सेरेना विलियम्‍स ने मोबाइल चोर को धरदबोचा

Serena Williams
न्यूयॉर्क। विश्व की नंबर एक अमेरिका की टेनिस स्टार सेरेना विलियम्स को आपने आमतौर पर कोर्ट पर अपने विरोधी खिलाड़ियों के छक्के छुड़ाते हुए देखा होगा, लेकिन सेरेना ने कोर्ट के बाहर भी एक ऐसा कारनामा कर दिखाया है कि अब वह अपनी तुलना ‘सुपरगर्ल’ से करने लगी हैं। 
21 बार की ग्रैंड स्लेम चैंपियन सेरेना के साथ मंगलवार को एक अजीब घटना घटी। दरअसल, सेरेना अपने दोस्तों के साथ एक रेस्त्रां में गई थीं और वहां पर उनके सामने ही एक व्यक्ति अचानक सेरेना का मोबाइल फोन लेकर भागने लगा, तभी सेरेना कुर्सियों के ऊपर से छलांग लगाते हुए उस चोर के पीछे भागीं और चोर को पकड़कर उससे अपना मोबाइल फोन वापस ले लिया। 
 
इस पूरे वाक्या को सेरेना ने अपने फेसबुक अकाउंट पर बयां किया और खुद को ‘सुपर हीरो’ की जगह ‘सुपर सेरेना’ बताया। विश्व नंबर वन सेरेना ने फेसबुक पर लिखा, मंगलवार को एक रेस्त्रां में चाइनीज फूड का आनंद ले रहे थे, तभी एक व्यक्ति टेबल पर रखा मेरा मोबाइल लेकर भागने लगा। इसके बाद मैं कुर्सियों के ऊपर से छलांग लगाते हुए रेस्त्रां से निकली और उस चोर के पीछे भागते हुए कुछ दूर जाकर उसे पकड़ लिया।
 
सेरेना ने कहा, चोर ने सोचा कि वह मुझसे भी तेज दौड़ लगाकर भाग जाएगा, लेकिन अभ्यास के दौरान लगाए स्प्रिंट्स बड़े काम आए। मैंने तेजी से दौड़कर कुछ ही दूर जाकर उसे पकड़ लिया। 
 
उन्होंने कहा, जब मैं वापस रेस्त्रां गई तो वहां पर मौजूद लोगों ने खड़े होकर मेरा स्वागत किया और मेरा हौसला बढ़ाया। मुझे इस पर गर्व है। मैंने सिर्फ वही करके दिखाया जो अन्य लोग भी कर सकते हैं। यह महिला के लिए एक जीत है। (वार्ता)