Last Updated :नई दिल्ली , बुधवार, 9 दिसंबर 2015 (14:30 IST)
उत्तरप्रदेश वॉरियर्स के सह मालिक बने रोहित शर्मा
नई दिल्ली। भारतीय बल्लेबाज रोहित शर्मा देश में पहली बार हो रही प्रो कुश्ती लीग की टीम उत्तरप्रदेश वॉरियर्स के साथ सह मालिक के तौर पर जुड़ गए हैं।
रोहित को बुधवार उत्तरप्रदेश वॉरियर्स का सह मालिक घोषित किया गया। बॉलीवुड के अभिनेता धर्मेन्द्र के बाद रोहित प्रो कुश्ती लीग से जुड़ने वाली दूसरी बड़ी हस्ती हैं। 6 शहरों के आधारित इस टूर्नामेंट की शुरुआत दिल्ली के केडी जाधव स्टेडियम में 10 दिसंबर से होगी। लीग का सेमीफाइनल 25 और 26 दिसंबर को होगा जबकि इसका फाइनल 27 दिसंबर को आयोजित कराया जाएगा।
भारतीय वनडे ओपनर रोहित ने कुश्ती लीग से जुड़ने पर खुशी जताते हुए कहा कि कुश्ती का भारत में बहुत पुराना इतिहास रहा है और मैं इसकी एक टीम यूपी वॉरियर्स से जुड़कर बहुत ही गर्व महसूस कर रहा हूं। हमारी टीम में कई जबरदस्त पहलवान हैं जिसमें देश के शीर्ष पहलवान सुशील कुमार भी शामिल हैं। हमारी पूरी कोशिश रहेगी कि इसके पहले सत्र में हम जबरदस्त प्रदर्शन कर शीर्ष स्थान हासिल करें।
फ्रेंचाइजी आधारित खेलों में टीम खरीदने के मामले में रोहित अब क्रिकेटरों सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली की सूची में शामिल हो गए हैं जिनकी फुटबॉल टूर्नामेंट इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) में टीमें हैं। रोहित कुश्ती लीग से जुड़ने वाले पहले क्रिकेटर हैं।
लीग के आयोजक विशाल गुरनानी ने भी रोहित के कुश्ती लीग से जुड़ने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि भारत में रोहित एक नामी क्रिकेटर हैं और हम उनका कुश्ती लीग से जुड़ने पर स्वागत करते हैं। वे यूपी वॉरियर्स के सह मालिक के तौर पर जुड़े हैं और हमें यकीन है कि उनके आने से लीग को और लोकप्रियता मिलेगी। (वार्ता)