Last Modified: रायपुर ,
सोमवार, 7 दिसंबर 2015 (16:02 IST)
ओलंपिक से पहले भारत की जीत अहम : ओल्टमैंस
रायपुर। एफआईएच टूर्नामेंट में 33 वर्ष बाद पदक जीतने से उत्साहित भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कोच रोलैंट ओल्टमैंस ने कहा है कि हॉलैंड पर जीत से मिला कांस्य पदक रियो ओलंपिक से पहले टीम इंडिया का आत्मविश्वास बढ़ाने में मददगार साबित होगा।
भारतीय टीम ने हॉलैंड को हराकर कांस्य पदक जीता था, जो किसी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में उसका 33 वर्षों बाद मिला पहला पदक है। ओल्टमैंस ने इस जीत को अहम बताते हुए कहा कि हमारी टीम के लिए यह जीत बेहद अहम है, क्योंकि यह रियो से पहले खिलाड़ियों का भरोसा बढ़ाने में मददगार होगी।
भारत ने रविवार को हुए मैच में 2 गोल से पिछड़ने के बाद विश्व की दूसरे नंबर की टीम हॉलैंड को शूटआउट में हराकर कांस्य पदक जीता था।
ओल्टमैंस ने मैच के बाद कहा कि यह जीत दिखाती है कि यदि हम अच्छा खेलें तो जीत सकते हैं। हमारी टीम के लिए रियो ओलंपिक से पहले यह जीत बेहद अहम है, क्योंकि इससे पहले हमने पदक राउंड मैचों में अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है। पदक जीतना हमेशा ही अहम होता है। (वार्ता)