राष्ट्रीय बिलियर्ड्स-स्नूकर में म.प्र. के पीयूष क्वार्टर फाइनल में
शीर्ष खिलाड़ी रितिक व कृष्णा पहले ही दौर में उलटफेर का शिकार
इंदौर। पहले क्वालीफाइंग फिर उसके बाद मुख्य दौर में कमाल दिखाते हुए म.प्र. के प्रतिभाशाली खिलाड़ी पीयूष कुशवाह ने जूनियर स्नूकर के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। वहीं शीर्ष वरीयता प्राप्त म.प्र. के रितिक जैन तथा दूसरी वरीयता प्राप्त तमिलनाडु के एस. कृष्णा को पहले ही दौर में शिकस्त का सामना करना पड़ा।
म.प्र. बिलियर्ड्स-स्नूकर एसोसिएशन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा मनीष बिल्डर्स के संयुक्त तत्वावधान में एमरल्ड हाईट्स इंटरनेशनल स्कूल में खेली जा रही इस स्पर्धा के जूनियर स्नूकर वर्ग के मुख्य दौर के मुकाबलों में म.प्र. के पीयूष कुशवाह ने गुजरात के मलव पारीख को 3-0 से, कर्नाटक के एमएल लक्ष्मण ने दिल्ली के राहुल चौधरी को 3-1 से, गुजरात के जॉनसन ने पंजाब के मोहित पाल को 3-0 से, महाराष्ट्र के ईशप्रित चड्ढा ने हरियाणा के दिग्विजय गडियाल को 3-0 से हराया।
दिल्ली के आदित्य भल्ला ने महाराष्ट्र के साहा खान को 3-0 से, महाराष्ट्र के निखिल सहगल ने म.प्र. के अंशुल अग्रवाल को 3-1 से तथा ओडिशा के आशुतोष ने तेलंगाना के मोती सांग को 3-0 से परास्त कर क्वार्टर फाइनल में अपना स्थान सुनिश्चित किया। वहीं शीर्ष वरीयता प्राप्त म.प्र. रितिक जैन को महाराष्ट्र के साहा खान के हाथों 2-3 से मात खाना पड़ी। दूसरी वरीयता प्राप्त तमिलनाडु के एस. कृष्णा भी उलटफेर का शिकार होकर पहले ही दौर में पराजय के लिए विवश हो गए।
पंकज सहित सभी सितारा खिलाड़ी अगले दौर में : आज से ही सीनियर बिलियडर््स के मुख्य दौर का आगाज हुआ। जिसमें अनेक बार के विश्व चैंपियन पंकज आड़वाणी ने म.प्र. के राहुल अग्रवाल को 3-0 से, पीएसपीबी के ध्रुव सितवाला ने छत्तीसगढ़ के अरुण बेलिवाल को 3-0 से, रेलवे के के. वेंकटेश ने छत्तीसगढ़ के तनिष्क झांझरियां को 3-0 से परास्त किया।
महाराष्ट्र के अरुण अग्रवाल ने हरियाणा के दिग्विजय काडियाल को 3-0 से, कर्नाटक के बी. भास्कर ने आंध्र के बी.एल. धीरज को 3-0 से, ओडिशा के आशुतोष ने दिल्ली के संदीप गुलाटी को 3-0 से, पीएसपीबी के ब्रजेश दमानी ने उ.प्र. के इशमित सिंह मलिक को 3-0 से, म.प्र. के केतन चावला ने उ.प्र. के नितिन कोहली को, 3-0 से, पीएसपीबी के रूपेश शाह ने प. बंगाल के अंकित कारीवाल 3-0 से तथा रेलवे के सिद्धार्थ पारीख ने मेघालय के अमरनाथ शर्मा को 3-0 से हराते हुए दूसरे दौर में प्रवेश किया। पीएसपीबी के आलोक कुमार तथा रेलवे के अशोक शांडिल्य ने भी प्रभावी जीत दर्ज करते हुए पहले दौर की बाधा आसानी से पार की।
प्रदेश के चार खिलाड़ी जीते : सीनियर स्नूकर के क्वालीफाइंग दौर के मुकाबलों में म.प्र. के पंकज नंदनवार, मनीष मित्तल, अनंत तिवारी व प्रांजल शुक्ला ने भी अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों को शिकस्त देकर अगले दौर में प्रवेश किया। पंकज व मनीष ने कई अनुभवी खिलाडिय़ों को हराते हुए मुख्य दौर की ओर कदम बढ़ा लिए है। मुख्य दौर के मुकाबलों की स्थिति बुधवार को तय होगी।