1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Lionel Messi, Cristiano Ronaldo
Written By
Last Modified: मैड्रिड , मंगलवार, 20 अक्टूबर 2015 (19:52 IST)

मैसी और रोनाल्डो फिर आमने-सामने

Lionel Messi
मैड्रिड। अर्जेंटीना के स्टार फुटबॉलर लियोनल मैसी और पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो एक बार फिर वर्ष का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी ‘बैलन डी ओर’ पुरस्कार पाने की होड़ में आमने-सामने हैं। अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल महासंघ (फीफा) ने मंगलवार को इस पुरस्कार के लिए कुल 23 खिलाड़ियों की सूची जारी की।
चार बार के 'बैलन डी ओर' विजेता अर्जेंटीना के मैसी तथा पिछले लगातार दो बार से विजेता बन रहे रोनाल्डो इस बार के सबसे प्रबल दावेदारों में से हैं। रियल मैड्रिड क्लब की तरफ से सर्वाधिक गोल करने वाले रोनाल्डो की निगाहें लगातार तीसरी बार वर्ष के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के इस पुरस्कार को जीत हैट्रिक लगाने पर टिकी हैं।
 
इस बार पुरस्कार के लिए चुने गए खिलाड़ियों में सबसे अधिक खिलाड़ी बार्सिलोना क्लब के हैं। मैसी के अलावा ब्राजील के स्टार फुटबॉलर नेमार, लुइज सुआरेज और आंद्रेस इनिएस्ता भी क्लब की तरफ से इस दौड़ में प्रमुख रूप से शामिल हैं। 
 
पुरस्कार की दौड़ में शामिल अन्य खिलाड़ियों में थॉमस मुलर, अर्जेन रॉबेन, अर्तुरो विडाल, जेम्स रोड्रिगुएज और करीम बेन्जामा भी शामिल हैं। चार बार अफ्रीका के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने जा चुके मैनचेस्टर यूनाइटेड के याया टूरे ही यूरोप और दक्षिण अमेरिका के बाहर के एकमात्र खिलाड़ी हैं जो इस सूची में जगह बनाने में कामयाब हुए हैं।   
 
इस सूची को फीफा की फुटबॉल समिति और फ्रांस के विशेषज्ञों की एक टीम ने मिलकर तैयार किया है। विजेता की घोषणा अगले वर्ष 11 जनवरी को ज्यूरिख में की जाएगी। (वार्ता)