सीसुब की 46वीं अंतर सीमांत निशानेबाजी स्पर्धा प्रारंभ
इन्दौर। सीमा सुरक्षाबल की अत्याधुनिक रेवती रेंज पर मंगलवार को 46वीं अंतर सीमांत निशानेबाजी स्पर्धा खुशनुमा वातावरण, रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और निशानेबाजों की हौसलाअफजाई के साथ शुरू हुई।
स्पर्धा के शुभारंभ समारोह के मुख्य अतिथि इन्दौर के संभागायुक्त संजय दुबे ने कहा कि निशानेबाजों के लिए ध्यान और शरीर के संतुलन का होना बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी अंतर सीमांत के निशानेबाजों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरहदों की रक्षा करते समय विषम परिस्थितियों में जवान पूरी मुस्तैदी से अपने कर्तव्य का निर्वाह कर रहे हैं। इससे देशवासियों को आप पर गर्व और विश्वास है कि हमारा देश सुरक्षित हाथों में है।
इस अवसर पर सीमा सुरक्षाबल के महानिरीक्षक सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि बल द्वारा आयोजित इस वार्षिक स्पर्धा का विशेष महत्व है क्योंकि इसी स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले निशानेबाजों का चयन किया जाता है जिन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्पर्धाओं के लिए आला दर्जे का प्रशिक्षण दिया जाता है। इसके अलावा निशानेबाजों की निशानेबाजी में दक्षता में भी इजाफा होता है जिसका बल को फायदा मिलता है।
शुभारंभ समारोह के दौरान केन्द्रीय विद्यालय और नेशनल पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने देषभक्ति से परिपूर्ण रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनोहारी प्रस्तुति दी। निशानेबाजी स्पर्धा में भाग ले रहे सभी 11 सीमांतों के निशानेबाजों ने बल के बैंड की मधुर धुनों पर शानदार मार्च पास्ट किया।
मुख्य अतिथि दुबे ने परेड की सलामी ली। उप कमांडेंट प्रभु सिंह ने सभी निशानेबाजों को खेल भावना से स्पर्धा में भाग लेने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन मंगेष जगताप ने किया। इसके पहले मुख्य अतिथि संभागायुक्त दुबे के रेवती रेंज आगमन पर महानिरीक्षक वर्मा ने अगवानी की तथा बल के वरिष्ठ अधिकारियों से परिचय करवाया। दुबे ने सभी सीमांतों की निषानेबाज टीम के प्रबंधकों से भी परिचय प्राप्त किया।