बिहार चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश का बड़ा ऐलान, आंगनवाड़ी सेविका और सहायिका की बढ़ाई सैलरी
Big announcement of Chief Minister Nitish Kumar : बिहार में चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को राज्य में आंगनवाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं का मानदेय बढ़ाने की घोषणा की। कुमार ने कहा कि आंगनवाड़ी सेविकाओं का मानदेय 7,000 रुपए से बढ़ाकर 9,000 रुपए और आंगनवाड़ी सहायिकाओं का मानदेय 4,000 रुपए से बढ़ाकर 4,500 रुपए कर दिया गया है। इस संबंध में विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। सरकार के इस निर्णय का फायदा राज्य के 1.14 लाख आंगनवाड़ी सेविकाओं-सहायिकाओं को मिलेगा। उल्लेखनीय है कि राज्य में 1.20 लाख से अधिक आंगनवाड़ी सेविका-सहायिका हैं।
कुमार ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट में कहा कि आंगनवाड़ी सेविकाओं का मानदेय 7,000 रुपए से बढ़ाकर 9,000 रुपए और आंगनवाड़ी सहायिकाओं का मानदेय 4,000 रुपए से बढ़ाकर 4,500 रुपए कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने इस संबंध में विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
उन्होंने कहा कि बच्चों और गर्भवती महिलाओं के पोषण एवं जीवन स्तर में सुधार लाने में आंगनवाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि उनकी इसी महत्वपूर्ण भूमिका को सम्मान देते हुए मानदेय में वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा कि सरकार के इस निर्णय का फायदा राज्य के 1.14 लाख आंगनवाड़ी सेविकाओं-सहायिकाओं को मिलेगा।
मुख्यमंत्री कुमार ने कहा कि नवंबर 2005 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार बनने के बाद से ही गर्भवती महिलाओं और बच्चों के पोषण व स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए बड़े पैमाने पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन उपायों के क्रियान्वयन में आंगनवाड़ी केंद्रों की भूमिका को सरकार ने सराहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मानदेय में बढ़ोतरी के फैसले से आंगनवाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं का मनोबल और ऊंचा होगा तथा समेकित बाल विकास सेवाएं और प्रभावी ढंग से लागू की जा सकेंगी। उल्लेखनीय है कि राज्य में 1.20 लाख से अधिक आंगनवाड़ी सेविका-सहायिका हैं जिन्हें मानदेय में इस बढ़ोतरी से लाभ होगा। (इनपुट एजेंसी)
Edited By : Chetan Gour