श्रीनगर के लाल चौक पर राहुल गांधी ने फहराया तिरंगा
श्रीनगर। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा आज सुबह श्रीनगर के पंथा चौक से कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुई। राहुल ने आज लाल चौक पर ध्वजारोहण किया। सोमवार को यात्रा का आखिरी दिन है।
राहुल गांधी ने तिरंगा फहराने के बाद राष्ट्रगान भी गाया गया। लाल चौक के बाद भारत जोड़ो यात्रा शहर के बुलेवार्ड क्षेत्र में नेहरू पार्क की तरफ बढ़ गई, जहां 4,080 किलोमीटर लंबी इस पदयात्रा का समापन हो जाएगा।
सोमवार को राहुल गांधी श्रीनगर में एमए रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय में तिरंगा फहराएंगे, जिसके बाद एसके स्टेडियम में एक जनसभा आयोजित की जाएगी। इस जनसभा के लिए 23 विपक्षी दलों के नेताओं को आमंत्रित किया गया है।Jammu and Kashmir | Congress MP Rahul Gandhi unfurls the national flag at Lal Chowk in Srinagar. pic.twitter.com/yW9D3CPzKi
— ANI (@ANI) January 29, 2023
इससे पहले राहुल के लाल चौक पर झंडा फहराने के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षाबलों ने लाल चौक को सील कर दिया गया था। यहां लोगों को आने जाने की इजाजत नहीं है। भारत जोड़ो यात्रा को कश्मीर में फारुख अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती समेत कई दिग्गजों का साथ मिला है।
आज यात्रा शुरू करने से पहले राहुल ने ट्वीट किया, 'आज, कश्मीरी पंडित भाजपा सरकार से पूछ रहे हैं - हमारा राजनीतिक इस्तेमाल करने के अलावा आपने हमारे लिए किया ही क्या है? जवाब है, प्रधानमंत्री जी?'
गौरतलब है कि कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' पिछले साल 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू हुई थी। केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों से होते हुए यात्रा जम्मू कश्मीर पहुंची है।
एक समय जब श्रीनगर के लाल चौक पर आतंकियों और कट्टरपंथियों द्वारा राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराने की चुनौती दी जाती थी, आज वहां तिरंगा फहराना आसान हो गया है। 1992 में वरिष्ठ भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी के नेतृत्व में लाल चौक पर तिरंगा फहराया गया था। उस समय उनके साथ वर्तमान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी थे।

