ट्रंप ने पीएम मोदी को मिलाया फोन, अमेरिकी राजदूत की पोस्ट से मची खलबली!
PM Modi Trump Conversation 2026: भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने ट्वीट कर बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सोमवार शाम फोन पर बातचीत की। बदलते वैश्विक हालातों के बीच इस बातचीत को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि दोनों नेताओं के बीच क्या बात हुई इसका खुलासा अभी नहीं हुआ है।
क्या सर्जियो गोर की पोस्ट के निहितार्थ
सर्जियो गोर ने ट्रंप और मोदी की एक पुरानी तस्वीर भी साझा की है, जिसमें दोनों हाथ मिलाते हुए दिख रहे हैं। सर्जियो के मैसेज और फोटो को देखकर लग रहा है कि अमेरिका एक बार फिर भारत के साथ करीबी बढ़ाना चाहता है, जो कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद कमजोर पड़ गए थे। मोदी और ट्रंप के बीच भी 'अबोला' जैसा हो गया था।
आखिर ट्रंप के फोन के क्या मायने हैं?
इस समय भारत के विदेश मंत्री जयशंकर अमेरिका की यात्रा पर हैं। वे वहां क्रिटिकल मिनरल्स पर होने वाली एक कांफ्रेंस में भाग ले रहे हैं। जानकार ट्रंप के फोन को भारत और यूरोपीय संघ के बीच हुई डील से भी जोड़कर देख रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस डील के बाद अमेरिका की टेंशन बढ़ गई है।
भारत के वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने टीवी18 से बातचीत में संकेत दिया है कि वाणिज्य भारत-अमेरिका ट्रेड डील अंतिम चरण में है। हालांकि उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका जैसी बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच बातचीत आसान नहीं होती। उन्होंने यह भी बताया कि कई मुद्दों पर दोनों देशों के बीच सहमति बन गई है।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद रिश्तों में खटास
उल्लेखनीय है कि भारत और अमेरिका के रिश्तों में ऑपरेशन सिंदूर के बाद खटास आ गई थी। डोनाल्ड ट्रंप ने कई बार दावा किया था उन्होंने भारत-पाकिस्तान युद्ध रुकवाया। हालांकि भारत कभी भी ट्रंप की इस बात को स्वीकार नहीं किया था। लेकिन, बावजूद इसके ट्रंप 70 से ज्यादा बार इस तरह का दावा कर चुके हैं।
Edited by: Vrijendra Singh Jhala