बुधवार, 15 अप्रैल 2026
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. उत्तर प्रदेश
  4. Tuba dreams take wings, she joins Chief Minister Youth Scheme to create a Soil Concept brand
Last Modified: लखनऊ , शनिवार, 7 मार्च 2026 (20:26 IST)

तूबा के सपनों को मिले पंख, मुख्यमंत्री युवा योजना से जुड़कर बनाया सॉइल कॉन्सेप्ट ब्रांड

लखनऊ की बायोटेक्नोलॉजिस्ट तूबा ने पर्यावरण के अनुकूल प्राकृतिक सौंदर्य उत्पाद तैयार कर पेश की मिसाल, यूपी महिला उद्यमी रच रहीं इतिहास

Biotechnologist Tuba
Biotechnologist Tuba: उत्तर प्रदेश में युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें उद्यमी बनाने की दिशा में शुरू किया गया ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ नई संभावनाओं के द्वार खोल रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इस योजना के तहत युवाओं को बिना बैंक गारंटी और ब्याजमुक्त ऋण की सुविधा मिल रही है। इससे वे अपना व्यवसाय शुरू कर रोजगार मांगने के बजाय रोजगार देने वाले बन रहे हैं। लखनऊ की रहने वाली बायोटेक्नोलॉजिस्ट तूबा की सफलता की कहानी इसी पहल का उदाहरण है। उन्होंने ‘सॉइल कॉन्सेप्ट’ ब्रांड के माध्यम से न केवल पर्यावरण के अनुकूल प्राकृतिक सौंदर्य उत्पाद तैयार किए, बल्कि कई युवाओं को रोजगार देकर आत्मनिर्भरता की मिसाल भी पेश की है।

‘मुख्यमंत्री युवा योजना’ के तहत मिला ऋण बना सहारा

तूबा ने बताया कि उन्होंने प्राकृतिक पर्सनल केयर ‘सॉइल कॉन्सेप्ट’ ब्रांड की शुरुआत कर पर्यावरण के अनुकूल रोजमर्रा में उपयोग होने वाले उत्पाद बनाने का लक्ष्य बनाया। अपने उत्पादों में एक ऐसा ब्रांड बनाने की यात्रा शुरू की जो पर्यावरण के अनुकूल हो। शुरुआती दिनों में इनको कच्चा माल तैयार करने और मशीनरी इत्यादि खरीदने में समस्याओं का सामना करना पड़ा। इंटीग्रेटेड फाउंडेशन के माध्यम से मुख्यमंत्री युवा योजना की जानकारी मिली। योजना के लिए आवेदन किया और महज 15 दिनों के अंदर ही 05 लाख रुपए का ऋण मिला, जो बिना किसी बैंक गारंटी और पूर्ण रूप से ब्याजमुक्त है। अब वे रसायनमुक्त सौंदर्य प्रसाधन बनाती हैं। इनमें प्रमुख रूप से हर्बल शैम्पू, कंडीशनर, हेयर सीरम, हर्बल हेयर ऑयल, बॉडीवाश, लोशन और हाथ से बने साबुन आदि प्रमुख हैं। इनकी बिक्री से उन्हें अच्छी आय हो रही है।

कई युवाओं को रोजगार देकर पेश की आत्मनिर्भरता की मिसाल

तूबा ने बताया कि ‘मुख्यमंत्री युवा’ योजना के तहत मिले 5 लाख के ऋण से मैने मशीनरी और कच्चा माल खरीदा। आज हम बड़े-बड़े ऑर्डर लेकर काम कर रहे हैं। हमारे इस प्रयास से 4 महिलाओं समेत कुल 7 कर्मचारियों को रोजगार का अवसर मिला है। हमारे उत्पाद 50 से ज्यादा आउटलेट्स और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से देशभर में उपलब्ध हैं। ‘मुख्यमंत्री युवा’ योजना का लाभ लेकर केवल तुबा ही नहीं बल्कि प्रदेश की अन्य युवा महिलाएं भी इसी प्रकार अपना व्यवसाय शुरू कर रहीं हैं। इस पहल ने युवाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ स्वरोजगार के नए अवसर सृजित किए हैं।

योगी सरकार का हर साल 1 लाख युवा उद्यमी बनाने का लक्ष्य  

‘मुख्यमंत्री युवा’ योजना के तहत प्रदेश के 21 से 40 वर्ष के युवाओं को ब्याजमुक्त और बिना किसी बैंक गारंटी के ऋण उपलब्ध कराया जाता है। पहले चरण में सूक्ष्म उद्योगों की स्थापना के लिए ₹5 लाख तक का ब्याजमुक्त ऋण मिलता है। दूसरे चरण के लिए पहले चरण का ऋण समय पर चुकाने वाले उद्यमी ₹10 लाख तक की परियोजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक युवा उत्तर प्रदेश के आधिकारिक एमएसएमई (MSME) पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा अपने जिले के जिला उद्योग केंद्र (DIC) से संपर्क कर सकते हैं या आधिकारिक CM-YUVA पोर्टल पर जा सकते हैं। योगी सरकार का लक्ष्य युवाओं के आत्मविश्वास को बढ़ाते हुए हर साल 1 लाख युवाओं को उद्यमी बनाने के साथ कुल 10 लाख सूक्ष्म इकाइयां स्थापित करना है।
Editied by: Vrijendra Singh Jhala 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।.... और पढ़ें
ये भी पढ़ें
इंदौर-उज्जैन ग्रीनफील्ड परियोजना किसान और सरकार के बीच विश्वास की बनेगी मिसाल : मोहन यादव