गुरुवार, 13 मार्च 2025
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Latest weather news for 13 march 2025 in India
Last Updated :नई दिल्‍ली , गुरुवार, 13 मार्च 2025 (10:21 IST)

Weather Update: गर्मी से दिल्ली का हाल बेहाल, जानिए कहां कैसा है मौसम?

आईएमडी के अनुसार शुक्रवार को भी पंजाब, हरियाणा, राजस्‍थान और पश्चिमी उत्‍तरप्रदेश के क्षेत्रों में बारिश हो सकती है।

Weather Update: गर्मी से दिल्ली का हाल बेहाल, जानिए कहां कैसा है मौसम? - Latest weather news for 13 march 2025 in India
Weather Update:  दिल्ली में बुधवार को इस साल का दूसरा सबसे गर्म दिन (hottest day) रहा और अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने यह जानकारी दी। राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को इस साल का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, जब पारा 34.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 6.4 डिग्री अधिक है।
 
दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक था। शहर में आर्द्रता का स्तर 77 से 36 प्रतिशत के बीच रहा। आईएमडी ने गुरुवार को दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और रात में बूंदाबांदी होने की संभावना जताई है। इस दौरान न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमश: 18 डिग्री सेल्सियस और 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
 
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 228 पर पहुंच गया, जो 'खराब' श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार एक्यूआई शून्य से 50 के बीच 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है।
 
गर्मी ने बड़ी तेजी से दस्‍तक दे दी : मार्च के महीने में दूसरे सप्‍ताह के दौरान ही गर्मी ने बड़ी तेजी से दस्‍तक दे दी है। ऐसे में हर किसी को बारिश का इंतजार था। मौसम विभाग के मुताबिक इस वेस्‍टर्न डिस्‍टर्बेंस का असर पूरे उत्‍तर भारत में 13 से 15 मार्च के बीच रहेगा। इस दौरान झमाझम बारिश से तापमान में तेजी से हो रही बढ़ोतरी से कुछ हद तक निजात मिलने की उम्‍मीद है।ALSO READ: हिमाचल में बारिश का येलो अलर्ट, ओडिशा में पारा 40 के पार जाने की संभावना
 
पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी ईरान और आसपास के क्षेत्रों पर : पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी ईरान और आसपास के क्षेत्रों में औसत समुद्र तल से 3.1 और 9.6 किमी ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में देखा जा रहा है। 
दक्षिण-पश्चिम राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों में एक चक्रवाती परिसंचरण है। 
तमिलनाडु तट से दूर बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में एक ट्रफ औसत समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर तक फैली हुई है। 
 
पिछले 24 घंटों में मौसम की गतिविधि : पिछले 24 घंटों के दौरान तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई। लक्षद्वीप, सिक्किम, असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हुई। दक्षिण केरल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, आंध्रप्रदेश के दक्षिणी तट और उत्तराखंड में हल्की बारिश हुई। 
गिलगित बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और जम्मू कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हुई। 
गुजरात के कई हिस्सों में भीषण गर्मी की लहर चली। उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्का कोहरा छाया रहा।ALSO READ: Weather A।ert : फिर बदलेगा मौसम, इन राज्‍यों में बढ़ा तापमान, यहां बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
आज गुरुवार के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (skymetweather) के अनुसार आज गुरुवार, 13 मार्च से 16 मार्च के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 14 मार्च को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश और बर्फबारी संभव है। 15 मार्च के तक पंजाब, 13 से 15 मार्च के बीच हरियाणा, पश्चिमी उत्तरप्रदेश और राजस्थान और 15 मार्च को पूर्वी उत्तरप्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। 
 
13 और 14 मार्च को पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तरप्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 12 से 14 मार्च के बीच सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के साथ अलग-अलग स्थानों पर भारी बौछारें पड़ सकती हैं। 13 से 16 मार्च के बीच असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में छिटपुट बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 12 मार्च को तमिलनाडु और केरल में मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। (Photo courtesy: IMD)
 
Edited by: Ravindra Gupta