• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Latest weather news for 12 march 2025 in India
Last Updated : बुधवार, 12 मार्च 2025 (09:57 IST)

Weather Update: उत्तर भारत में होली से पहले गर्मी की दस्तक, 40 के पार पहुंचा पारा

गर्मी की दस्तक से घरों में चलने लगे हैं कूलर और पंखे, दिल्ली-एनसीआर में भी चढ़ा पारा, होली पर कई इलाकों में बदलेगा मौसम

Weather Update: उत्तर भारत में होली से पहले गर्मी की दस्तक, 40 के पार पहुंचा पारा - Latest weather news for 12 march 2025 in India
Weather Update: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार दिल्ली-एनसीआर से लेकर यूपी व बिहार तक ज्यादातर राज्यों में पारा चढ़ने लगा है और अब कूलर पंखे का दौर आ गया है। पश्चिमी विक्षोभ (western disturbance) के प्रभाव से बादलों की आवाजाही की संभावना है और कहीं-कहीं बारिश (rain) भी हो सकती है।
 
आईएमडी के अनुसार उत्तर भारत में मौसम बिलकुल बदल चुका है। सूरज की तेज तपिश से अधिकतम तापमान में इजाफा देखने को मिल रहा है। कूलर-पंखे का दौर आ गया है। लोगों ने गर्मी से राहत के लिए सर्द कपड़ों को बक्से और अलमारियों में पैक कर दिया है। आईएमडी के अनुसार होली तक सर्दी का असर खत्म हो जाएगा और गर्मी पूरी तरह से आ जाएगी। बुधवार को दिल्ली-एनसीआर से लेकर यूपी, बिहार, राजस्थान तक मौसम शुष्क रहेगा।ALSO READ: weather update : इन राज्यों में बढ़ी गर्मी, गुजरात से महाराष्‍ट्र तक लू का अलर्ट
 
कहीं-कहीं बारिश के आसार : आईएमडी के अनुसार 14 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने से बादल घिरने और कहीं-कहीं बारिश के आसार जताए गए हैं, खासतौर से पश्चिमी उत्तरप्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा-पंजाब और राजस्थान में होली के दिन बारिश का असर रंगों का मजा किरकिरा कर सकती है। पहाड़ों पर भी बारिश और हिमपात के आसार हैं।
 
दिल्ली में तापमान बढ़ा : दिल्ली-एनसीआर में गर्मी का असर देखा जा रहा है। न्यूनतम तापमान 15.7 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा है, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 1.7 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में मंगलवार सुबह 8.30 बजे सापेक्ष आर्द्रता 87 प्रतिशत दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। यहां सोमवार को अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। आने वाले दिनों में पारा ऊपर जाएगा। मौसम शुष्क रहने के आसार हैं।
 
मध्यप्रदेश में गर्मी के तीखे तेवर : मध्यप्रदेश में मार्च के दूसरे हफ्ते में ही सूरज की तपिश काफी तेज हो गई है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान 34 डिग्री सेल्सियस पार पहुंचने लगा है। सोमवार को इस सीजन का सबसे गर्म स्थान रतलाम रहा, जहां पर अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। खासतौर पर गुजरात से लगे इलाकों में तो तेज गर्मी पड़ने लगी है। राजधानी भोपाल और इंदौर जिले का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। वहीं आने वाले दो-तीन दिनों में तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है।ALSO READ: मुंबई में गर्मी का कहर, अहमदाबाद की ये तरकीब बचा सकती है मुंबईकरों की जान!
 
राजस्थान के कई इलाकों में भीषण गर्मी : राजस्थान के कई इलाकों में भीषण गर्मी पड़ रही है। राज्य के बाड़मेर में सोमवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 7.5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। राज्य के अधिकांश भागों में भी अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 6 डिग्री अधिक रहा है।
 
यूपी में रात में हल्की ठंड, दिन में गर्मी : उत्तरप्रदेश में इन दिनों मौसम पूरी तरह से साफ है। रात के समय भी अब हल्की ठंड हो रही है। हालांकि दिन के तापमान में वृद्धि हो रही है। मंगलवार को भी राजधानी लखनऊ से लेकर नोएडा, गाजियाबाद तक मौसम साफ रहा।
 
एक पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी ईरान और उससे सटे क्षेत्रों पर 5.8 से 9.6 किमी की ऊंचाई के बीच चक्रवाती परिसंचरण के रूप में बना हुआ है। दूसरा पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पाकिस्तान के ऊपर स्थित है। उत्तर-पश्चिम राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। असम के पूर्वी भागों में भी एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। भूमध्यरेखीय हिन्द महासागर और इससे सटे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर भी एक चक्रवाती परिसंचरण देखा जा सकता है। 12 मार्च की रात से उत्तर-पश्चिम भारत पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ प्रभाव डाल सकता है।ALSO READ: Weather Update: फरवरी माह में ही गर्मी के तेवर हुए तीखे, कर्नाटक और केरल में लू का अलर्ट
 
पिछले 24 घंटों की मौसमी हलचल : पिछले 24 घंटे के दौरान तटीय तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश हुई। दक्षिण केरल, आंतरिक तमिलनाडु, सिक्किम, असम और अरुणाचल प्रदेश में हल्की बारिश दर्ज की गई। गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद और जम्मू-कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हुई। गुजरात के कई हिस्सों और दक्षिण राजस्थान के कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।
 
आज बुधवार के मौसम की संभावित गतिविधि : स्काईमेट वेदर (skymetweather) के अनुसार आज बुधवार, 12 मार्च को सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, केरल और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। उत्तर पाकिस्तान, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और अरुणाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी संभव है।
 
सिक्किम और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी : सिक्किम और उत्तराखंड में भी हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। तमिलनाडु और पंजाब में हल्की बारिश होने की संभावना है। अगले 24 से 48 घंटों के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अधिकतम तापमान हल्का बढ़ सकता है।
 
कोंकण, गोवा और तटीय कर्नाटक में उमसभरी स्थितियां : कोंकण, गोवा और तटीय कर्नाटक में 12 मार्च तक गर्म और उमसभरी स्थितियां बनी रह सकती हैं। 12 मार्च को गुजरात और दक्षिण राजस्थान के कुछ हिस्सों में लू से लेकर गंभीर लू की स्थिति संभव है। 13 मार्च को विदर्भ और ओडिशा के कुछ इलाकों में भी लू चलने की संभावना है।(Photo courtesy: IMD)
 
Edited by: Ravindra Gupta