जमाना है इंटरनेट मेट्रिमोनियल का
माउस क्लिक पर विवाह प्रस्ताव
अब इंटरनेट एक आम जरूरत बनता जा रहा है। पढ़ाई से लेकर शादी तक अब सब इसी के माध्यम से हो रहा है। इंटरनेट पर मेट्रिमोनियल में बढ़ती रुचि को देख अब बहुत सी मेट्रिमोनियल वेबसाइट आपके लिए हजारों रिश्ते लिए हाजिर हैं।इंटरनेट और तकनीक की मदद से माउस के एक क्लिक पर अब आप चुन सकते हैं अपना जीवनसाथी। शादी के पारंपरिक विज्ञापन जो पेपरों में दिए जाते हैं अक्सर एक जैसे दिखते हैं। शायद इसकी वजह प्रति शब्द के हिसाब से आने वाले विज्ञापन खर्च को न्यूनतम लागत की सीमा में बनाए रखने का दबाव होता है। लेकिन थोड़ी-सी समझदारी, सूझबूझ और कल्पनाशीलता दिखाई जाए तो शादी के विज्ञापन को भी आकर्षक व पठनीय बनाया जा सकता है। शायद इसी वजह से इंटरनेट माध्यम में आकर्षक और पठनीय विज्ञापनों का महत्व रेखांकित होने लगा है। चूँकि इंटरनेट में दिए जाने वाले शादी के विज्ञापनों में प्रति शब्द की कीमत का दबाव वैसा नहीं होता, जैसा कि अखबारों या पत्रिकाओं के विज्ञापनों में होता है। इसलिए इंटरनेट के विज्ञापन ज्यादा व्यवस्थित, विश्वसनीय और आकर्षक बनाए जा सकते हैं। अगर आप भी किसी वेबसाइट में अपनी शादी का विज्ञापन देना चाहते हैं तो एक खूबसूरत मैरिज रिज्यूम बनाइए। इसके लिए पेश है, कुछ महत्वपूर्ण टिप्स-सिर्फ खास खूबी को ही करें हाईलाइट अगर आप अखबारों में छपने वाले विज्ञापनों को देखें तो वहाँ एक ही तरह की भाषा और एक ही तरह की शैली में आमतौर पर सारे विज्ञापन छपे होते हैं। इसमें घिसे-पिटे पारंपरिक शब्द भरे होते हैं। मसलन लोग एक ही वाक्य में लिख देते हैं- लंबी, गोरी, छरहरी, आकर्षक, सुशील और बुद्धिमान बहू चाहिए। जबकि हम सब व्यावहारिक दुनिया में जानते हैं कि किसी एक व्यक्ति में दुनिया की सारी खूबियाँ नहीं होतीं। फिर भी विज्ञापन का यही तरीका है। इसलिए लोग जब किसी अखबार में कोई विज्ञापन पढ़ते हैं तो उन्हें सचमुच इसे पढ़कर किसी लड़की के आकर्षक, सुंदर, गोरी, सुशील और बुद्धिमान आदि होने पर विश्वास नहीं होता। अतः जब इंटरनेट में अपनी शादी का विज्ञापन दें तो ढेर सारी खूबियों को थोक के भाव न लिख मारें अपितु सचमुच आपमें जो खूबी हो सिर्फ उसी को खासतौर पर हाईलाइट करें। रहस्यमयी विवरण देने से बचेंशादी के ज्यादातर विज्ञापनों में लोग अपनी आय और नौकरी के संबध में अक्सर इस तरह का जुमला इस्तेमाल करते हैं- एक प्रख्यात बहुराष्ट्रीय कंपनी में बेहद आकर्षक वेतन पर कार्यरत। सवाल है अगर बहुराष्ट्रीय कंपनी प्रख्यात है तो उसका नाम देने में क्या बुराई है? यही बात उस आकर्षक वेतन पर भी लागू होती है। अगर यह बात गोलमोल ढंग से कुछ छिपा रही है यानी आप बहुत प्रख्यात कंपनी में काम नहीं कर रहे हैं तो यह आपकी कोई खामी नहीं है। आमतौर पर उलझे और रहस्यमयी व्यक्तिगत विवरणों से लोग आकर्षित नहीं होते उलटे अविश्वास करने लगते हैं। इसलिए ऐसे जुमलों से बचें।न करें खानदानी प्रभामंडल का बखानकई विज्ञापनों में कहा जाता है कि लड़का विख्यात डॉक्टरों के परिवार से संबंध रखता है या लड़की का मामा रिटायर्ड मेजर जनरल है। आखिरकार शादी आपकी होनी है तो आपकी खूबियों और खासियतों की बदौलत होनी है। खानदान की खूबियों-खासियतों की शुरू-शुरू में क्या जरूरत। खानदान का विवरण ऐसा नहीं है कि महत्वपूर्ण होता ही नहीं लेकिन पहले चरण में नहीं। एक बार जब आप किसी की प्राथमिक दिलचस्पी में खरे उतरते हैं तो फिर बाद की भूमिकाओं के लिए ऐसी खासियतें काम आती हैं।
कुछ बातें लिखने से बचेंलड़का पुश्तैनी जायदाद का एकमात्र वारिस है या लड़के का अपना अच्छा कारोबार है या इसी तरह के हैसियत बताने वाले किसी और विवरण से आपकी दावेदारी प्रभावशाली नहीं बन जाती। दरअसल, हैसियत, कुल, परिवार, खानदान, इस तरह की जानकारियाँ विज्ञापनों में अच्छी नहीं लगतीं। विज्ञापनों में ज्यादा से ज्यादा अपनी व्यक्तिगत खूबियों को हाईलाइट करें।कुछ बातें लिखने से न चूकेंअपनी पढ़ाई-लिखाई का सही ब्योरा और जाति के संबंध में अपनी भावनाओं और मान्यताओं का स्पष्ट उल्लेख करें। अगर जाति पर आपका यकीन नहीं है तो 'कास्ट नो बार' या 'जातिबंधन से मुक्त' लिखना न भूलें। पर हाँ, यदि आपके दिल-दिमाग के किसी भी कोने में जरा भी इस तरफ झुकाव है तो महज विज्ञापन में क्रांतिकारी बनने की कोशिश न करें। इससे गलतफहमी पैदा होगी जो आपको भी उलझन में डालेगी और दूसरों को भी।